कटनी की सब्जी मंडी में खूनी खेल : पैसों के विवाद में युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला, कोतवाली पुलिस ने 5 आरोपियों को घंटों में दबोचा
कटनी शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल बिलैया तलैया सब्जी मंडी शुक्रवार को अचानक खूनी संघर्ष का मैदान बन गई, जब पैसों के लेन-देन को लेकर पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। बीच बाजार में युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार गिरजा घाट निवासी प्रशांत सोनी (38) अपने पैसों की मांग को लेकर बिलैया सब्जी मंडी पहुंचा था। यहां पहले से मौजूद अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, राज उर्फ प्यारे चौरसिया, शुभम उर्फ चुन्नू एवं एक अन्य बालक से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और फिर खूनी हमले में बदल गई।
आरोप है कि बुच्चड़ चौरसिया ने अपने साथियों को उकसाते हुए प्रशांत पर हमला करने को कहा, जिसके बाद आरोपियों ने चाकुओं से पीठ, कमर और हाथ पर कई वार कर दिए। लात-घूंसों से भी बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर हालत में घायल प्रशांत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने विशेष टीम गठित कर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने महज चंद घंटों के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 495/26 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
• लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया
• राज उर्फ प्यारे चौरसिया
• अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया
• शुभम उर्फ चुन्नू चौरसिया
• एक विधि-विरुद्ध बालक
गिरफ्तारी में रही अहम भूमिका
निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सउनि रामेश्वर प्रसाद पटेल, प्रधान आरक्षक अखण्ड प्रताप, वीरेन्द्र तिवारी, वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, नीरज तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, दीपक तिवारी, अजीत सिंह, अभिषेक राय, अनिल गौतम, अमरजीत सिंह, मंसूर हुसैन, दिनेश सेन एवं चालक विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस की इस तेज कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है, वहीं दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी ने शहर में सनसनी फैला दी है।

More Stories
बस स्टेण्ड में पुलिस की बड़ी दबिश : भोजनालय की आड़ में चल रहा था अवैध शराबखोरी का अड्डा
कटनी मझगंवा रोड पर भीषण सड़क हादसा ट्रक क्रमांक MP21H1176 की टक्कर से युवक की मौत, जिला अस्पताल में मचा कोहराम
कुएं में गिरे सियार को वन विभाग ने सुरक्षित निकाला, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस