कटनी नगर निगम पर गंभीर आरोप: जर्जर भवनों का लोहा कबाड़ियों को बेचने का वीडियो वायरल, जांच की मांग तेज
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
कटनी। नगर निगम के अतिक्रमण विभाग से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने नगर निगम की कार्यप्रणाली और जब्त सामग्री के रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी बाइक और रिक्शा के माध्यम से लोहे की सामग्री ले जाते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह लोहा जर्जर एवं खतरनाक भवनों पर कार्रवाई के दौरान निकाला गया था, जिसे कथित रूप से कबाड़ियों के यहां बेचा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा समय-समय पर जर्जर भवनों को हटाने और खतरनाक संरचनाओं पर कार्रवाई की जाती है। इस दौरान निकलने वाली लोहे सहित अन्य सामग्री निगम की संपत्ति मानी जाती है और उसका रिकॉर्ड संधारित किया जाना आवश्यक होता है। ऐसे में वायरल वीडियो ने जब्त सामग्री के प्रबंधन और उसकी पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई अधिकृत बयान सामने आया है। इसके बावजूद पूरे मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि कथित तौर पर लगभग 50 हजार रुपये मूल्य का लोहा बेचा जा चुका है और राशि का आपस में बंटवारा किए जाने की चर्चा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
वर्तमान में अतिक्रमण विभाग की जिम्मेदारी मनेन्द्र सिंह के पास बताई जा रही है। वहीं नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार अपने सख्त प्रशासनिक रवैये और निगरानी व्यवस्था के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में अब लोगों की निगाहें निगम आयुक्त की कार्रवाई पर टिकी हैं।
शहरवासियों के सवाल
क्या वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी?
जर्जर भवनों से निकली सामग्री का रिकॉर्ड कहां है?
यदि लोहा बेचा गया है तो राशि निगम खाते में जमा हुई या नहीं?
दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी?
शहरवासियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह नगर निगम की संपत्ति और राजस्व से जुड़ा गंभीर मामला होगा। अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन वायरल वीडियो की जांच कर मामले की सच्चाई सामने लाता है या नहीं

More Stories
विकास की नई इबारत लिखेगा जयप्रकाश वार्ड, 1.06 करोड़ के कार्यों की रखी गई आधारशिला महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में क्षेत्र को मिली विकास की बड़ी सौगात मजबूत होगी आधारभूत संरचना, जनसुविधाओं के विस्तार से बदलेगी वार्ड की तस्वीर
आज प्रातःकाल श्रीनाथ जी मुकुट मुखारबिंद मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की तथा संतजनों को भोजन प्रसादी अर्पित कर उनका स्नेहिल आशीर्वाद प्राप्त किया।
सेवा, सुशासन और संकल्प के 12 स्वर्णिम वर्ष!