अनंत चतुर्दशी पर कटनी पुलिस हाई अलर्ट, एएसपी ने फोर्स को ब्रीफिंग देकर ड्यूटी पर किया रवाना
चल समारोह और गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, भीड़ और यातायात व्यवस्था पर रहेगी विशेष नजर
कटनी। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं चल समारोह को लेकर कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मुस्तैद कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने थाना कोतवाली में पुलिस बल की ब्रीफिंग लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान एएसपी कमल मौर्य ने पुलिसकर्मियों को उनकी निर्धारित ड्यूटी और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने चल समारोह के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा। साथ ही सभी बल प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस बल को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट के लिए रवाना किया गया। अनंत चतुर्दशी को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों, चल समारोह के रूट और गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिस की विशेष व्यवस्था की गई है।
