अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारियां पूरी

कोटा / रिपोर्ट - निश्चल शर्मा / 24 सितम्बर। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर 25 सितम्बर को होने वाली गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा एवं अखाड़ा जुलूस को लेकर SIAM ऑडिटोरियम में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित हुई। अधिकारियों ने आयोजनकर्ताओं और अखाड़ा प्रतिनिधियों को सुरक्षा, यातायात, निर्धारित रूट और अनुशासन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शोभायात्रा दोपहर करीब 12 बजे सूरजपोल गेट से रवाना होकर निर्धारित मार्ग से किशोर सागर तालाब की बारादरी पहुंचेगी। जुलूस में अखाड़ों के साथ झांकियां, भजन मंडलियां और बैंड शामिल होंगे।

इस दौरान निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए ‘दिव्यदृष्टि ड्रोन यूनिट’ का शुभारंभ किया गया। वहीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कोटा हार्ट हॉस्पिटल एवं चांदीवाला ग्रुप के सहयोग से किट बैग वितरित किए गए।

पुलिस-प्रशासन ने सभी आयोजकों एवं आमजन से निर्धारित मार्ग और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।