अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में ब्लॉक कोतमा के समस्त मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से मानदेय नहीं मिला है। वेतन न मिलने से परेशान कर्मचारियों ने आर्थिक और मानसिक तंगी का हवाला देते हुए जिला अधिकारी (कलेक्टर) को दिनांक 22/09/2026 आवेदन सौंपकर मदद की गुहार लगाई है।कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि कर्मचारियों के पास कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए पेट्रोल के पैसे भी नहीं बचे हैं। पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने ब्लॉक स्तर पर अपनी समस्या सुलझाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर अब उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में सामूहिक आवेदन देकर बकाया तीन महीने का वेतन जल्द से जल्द दिलवाने का विनम्र निवेदन किया है।