भगवान श्री गणेश की महाआरती में शामिल हुए कलेक्टर-एसपी, जिले की सुख-समृद्धि के लिए की मंगलकामना
कटनी। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार को कटनी शहर का गणेश चौक भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आया। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा गणेश चौक स्थित श्री विघ्न-विनाशक गणेश मंदिर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भगवान श्री गणेश के दर्शन-पूजन कर विधिवत महाआरती में सहभागिता की।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर कटनी जिले की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति के लिए मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नों का नाश करने वाले और सुख-समृद्धि के दाता हैं। उनकी कृपा सभी जिलेवासियों पर बनी रहे और हर परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि आए।
इस अवसर पर श्री विघ्न-विनाशक गणेश उत्सव समिति, गणेश चौक की ओर से कलेक्टर आशीष तिवारी का ओढ़नी-पट्टा भेंट कर स्वागत किया गया।
गणेश चतुर्थी से शहर सहित पूरे जिले में भगवान श्री गणेश की भक्ति का माहौल बना हुआ है। गणेश पंडालों और मंदिरों में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती एवं धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की आराधना में श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हो रहे हैं।
