संदीप शर्मा जिला ब्यूरो चीफ कटनी

भोपाल में गूंजा ‘शांति समय सागर’ का संदेश, भव्य ट्रेलर लॉन्च जैन आचार्य 108 समय सागर जी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म का ट्रेलर जारी, कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर रहे मुख्य अतिथि; कटनी के अमित कचेर ने किया निर्देशन भोपाल। राजधानी भोपाल में 30 अगस्त 2026 को आयोजित ‘युवा शक्ति का महासंगम’ कार्यक्रम में जैन समाज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘शांति समय सागर’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च किया गया। जैन आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित यह फिल्म त्याग, तप, साधना और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दयोदय महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री राकेश जैन ने किया। आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से पहुंचे 10 हजार से अधिक युवाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। कटनी के अमित कचेर ने संभाली निर्देशन की कमान इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसका निर्देशन कटनी निवासी गायक, संगीतकार एवं फिल्म निर्देशक अमित कचेर ने किया है। वर्तमान में मुंबई में फिल्म एवं संगीत जगत में सक्रिय अमित कचेर ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के जरिए कटनी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह कटनी के लिए गौरव का विषय है कि जिले से जुड़े किसी कलाकार ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर की फीचर फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली है। दो वर्षों में देश के अलग-अलग शहरों में हुई शूटिंग फिल्म निर्माताओं के अनुसार ‘शांति समय सागर’ की शूटिंग पिछले करीब दो वर्षों से देश के विभिन्न शहरों में की गई है। फिल्म को आध्यात्मिक दृष्टिकोण और प्रामाणिकता प्रदान करने के लिए परम पूज्य जैन आर्यिका श्री 105 भावनामति माताजी ससंघ का आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। फिल्म में कुल छह गीत हैं। इनके संगीत संयोजन और गायन की जिम्मेदारी स्वयं अमित कचेर ने संभाली है, जबकि संगीत निर्देशन यशराज स्टूडियो से जुड़े प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर संजय छिपेलकर ने किया है। कई कलाकार निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिकाएं फिल्म में संजय पांडे, सोनिया चौधरी, हार्दिक उइके, युवराज कश्यप, शिवकांत अग्रहरि, नरेंद्र जैन, कविश जैन, पी.सी. जैन, विक्की तिवारी और हंसिका मुक्ति सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में जैन आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक चिंतन और प्रेरणादायी यात्रा को केंद्र में रखा गया है। साथ ही जैन आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों की झलक भी फिल्म में देखने को मिलेगी। जल्द सिनेमाघरों में होगी रिलीज निर्माताओं के मुताबिक ‘शांति समय सागर’ जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म को केवल मनोरंजन के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जैन दर्शन, त्याग, तपस्या और आध्यात्मिक जीवन के मूल्यों को समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

कटनी के अमित कचेर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च ने कटनी के कला जगत को भी नई पहचान दिलाई है।