चाकू की नोक पर 2700 रुपए की लूट, फिर भी FIR के लिए भटकता रहा पीड़ित

रंगनाथ थाना क्षेत्र में पांच अज्ञात लोगों पर लूट और मारपीट का आरोप, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़   रंगनाथ थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। रविवार दोपहर श्मशान भूमि के पास एक युवक को कथित तौर पर पांच अज्ञात लोगों ने चाकू की नोक पर रोक लिया और उसके पास रखे 2700 रुपए लूट लिए। पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।

जानकारी के अनुसार वंशस्वरूप वार्ड निवासी दीपक सिंह रविवार दोपहर करीब 2 बजे कुछ सामान लेकर श्मशान भूमि के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पांच अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने चाकू अड़ाकर उससे रुपए छीन लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

घटना के बाद थाने पहुंचा, लेकिन FIR के लिए काटता रहा चक्कर

घटना के बाद पीड़ित अपनी शिकायत लेकर रंगनाथ थाने पहुंचा। आरोप है कि शिकायत के बावजूद उसकी FIR तत्काल दर्ज नहीं की गई। पीड़ित के मुताबिक उसे कार्रवाई के लिए कई बार थाने के चक्कर लगाने पड़े। पुलिस की ओर से उसे आश्वासन दिया गया कि अगले दिन जांच करने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

लूट की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं?

चाकू की नोक पर लूट और मारपीट जैसे गंभीर आरोप सामने आने के बाद भी यदि पीड़ित को FIR के लिए थाने के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, तो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। आखिर क्या पुलिस पहले जांच के नाम पर शिकायत को टाल रही है या मामले की गंभीरता को नजरअंदाज किया जा रहा है?

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। पीड़ित के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी, लेकिन घटना ने रंगनाथ थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।