कटनी मार्बल को मिलेगी देश-दुनिया में नई पहचान, जीआई टैगिंग की तैयारी तेज

उद्यमी संवाद में कलेक्टर आशीष तिवारी का बड़ा कदम, मार्बल एसोसिएशन गठित कर जीआई टैग के लिए आवेदन के निर्देश

कटनी। कटनी के मार्बल को देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत ग्राम पंचायत गुदरी में आयोजित उद्यमी संवाद में कलेक्टर आशीष तिवारी ने कटनी मार्बल की ब्रांडिंग और जीआई टैगिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि कटनी के मार्बल की अपनी विशेष पहचान और गुणवत्ता को व्यापक स्तर पर सामने लाने के लिए प्रशासन और उद्यमियों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने जिले के मार्बल को प्रभावी तरीके से ब्रांडिंग कर देश-दुनिया तक पहचान दिलाने पर जोर दिया।

पहले बनेगा मार्बल एसोसिएशन, फिर जीआई टैग के लिए आवेदन

कलेक्टर आशीष तिवारी ने महाप्रबंधक उद्योग ज्योति सिंह को निर्देश दिए कि जिले के मार्बल उद्यमियों को एकजुट कर मार्बल एसोसिएशन का गठन एवं पंजीयन कराया जाए। इसके बाद एसोसिएशन के माध्यम से जीआई टैग के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पूरी प्रक्रिया में जिला प्रशासन की ओर से उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उद्यमियों ने रखीं उद्योग से जुड़ी समस्याएं

उद्यमी संवाद के दौरान मार्बल उद्योग से जुड़े कारोबारियों ने विभिन्न समस्याएं और सुझाव कलेक्टर के सामने रखे। इनमें माइनिंग के डेडरेंट की दर कम करने, मार्बल माइंस के वेस्ट मटेरियल के लिए ईटीपी की सुविधा, नए भवनों में कटनी मार्बल के उपयोग को प्रोत्साहित करने और कटनी स्टोन की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रही।

इसके अलावा पावर फीडर से जुड़ी निर्बाध विद्युत आपूर्ति की समस्या तथा ई-खनिज पोर्टल के अपडेशन का मुद्दा भी उद्यमियों ने उठाया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

अधिकारी और प्रमुख उद्यमी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर सहित उद्योग विभाग के अधिकारी एवं जिले के मार्बल उद्यमी मौजूद रहे। महाकौशल रिफैक्ट्रीज के संचालक अरविंद गुगालिया, पाल मार्बल के मुकेश पाल, श्री राम मार्बल के श्री तिवारी, समदरिया मार्बल के वेद दुबे, ओजस्वी मार्बल के विपिन तिवारी, शारदा मार्बल के रजनीश और डाल्फिन मार्बल के राकेश सिंह सहित अन्य उद्यमियों ने संवाद में सहभागिता की।