कटनी निगम में 7 नए एल्डरमैन की एंट्री, कलेक्ट्रेट में दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ शासन ने किया मनोनयन, शपथ के साथ संभाली जिम्मेदारी; नगर विकास में निभाएंगे अहम भूमिका
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में शासन द्वारा मनोनीत किए गए 7 एल्डरमैन ने गुरुवार, 24 सितंबर को औपचारिक रूप से अपने पद की शपथ ग्रहण की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने सभी नवनियुक्त मनोनीत पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मध्यप्रदेश नगरपालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 17 (ख) (1) के तहत आयोजित समारोह में अभिषेक शर्मा, अम्बरीष वर्मा, अनुराग त्रिसोलिया, नरेश अग्रवाल, प्रमोद तिवारी, शोभा कुरील और वेंकटेश मिश्रा ने शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में विधायक संदीप जायसवाल, धीरेन्द्र सिंह, महापौर प्रीति सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
नगर विकास में सक्रिय भूमिका की उम्मीद
शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सभी एल्डरमैन को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि नवनियुक्त मनोनीत पार्षद नगर के विकास, जनहित और स्थानीय समस्याओं के समाधान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
7 नए एल्डरमैन के शपथ लेने के साथ नगर निगम की राजनीतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में उनकी औपचारिक भूमिका भी शुरू हो गई है।
