शासन की फ्लैगशिप योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में न बरतें लापरवाही - निगमायुक्त

सुबह स्वच्छ शहर से लेकर बेहतर राजस्व वसूली तक, समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कटनी( 21 सितंबर)-नगर पालिक निगम कटनी में सोमवार को एमआईसी सभाकक्ष में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय-सीमा से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं, पेंशन, जनकल्याणकारी योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान का हो प्रभावी क्रियान्वयन

निगमायुक्त ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अभियान का प्रभावी एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित कर अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने तथा निर्धारित कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

शहर की सफाई व्यवस्था को रखें दुरुस्त, रात्रिकालीन सफाई पर दें विशेष ध्यान

शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त क्षेत्रों में रात्रि के दौरान सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सुबह नागरिकों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा शहर दिखाई दे। उन्होंने सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जहां भी कमी मिले, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने सभी प्रमुख दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखवाने तथा दुकानदारों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी करने तथा कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

नामांतरण प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं राजस्व वसूली में तेजी के निर्देश

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने नामांतरण प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं प्रकरणों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा। वहीं राजस्व वसूली की अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर दैनिक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकास परियोजनाओं की प्रक्रिया में न हो अनावश्यक विलंब

सीवरेज एवं जल सप्लाई, डेयरी विस्थापन, सब्जी मंडी, मीट मार्केट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सहित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने डीपीआर, एनओसी, सक्षम स्वीकृति, निविदा, दर स्वीकृति, अनुबंध एवं कार्य प्रारंभ होने तक की सभी प्रक्रियाएं चरणबद्ध रूप से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित कार्रवाई के कारण विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।