देर से दफ्तर पहुंचने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त होगी मोहन सरकार
मुख्यमंत्री ने समयपालन और योजनाओं की नियमित समीक्षा के दिए निर्देश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए मंत्रालय सहित सभी सरकारी कार्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब शासन ने कार्यालय का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया है तो सभी अधिकारी-कर्मचारी इसका अनिवार्य रूप से पालन करें। समयपालन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समसामयिक विभागीय मुद्दों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि वे पहले स्वयं समय की पाबंदी का पालन करें और इसके बाद अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं और अभियानों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों में उनके द्वारा की गई घोषणाओं एवं विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समयबद्ध कार्ययोजना मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाए, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके।
बैठक में प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने महाकाल मंदिर क्षेत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दतिया, मैहर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पेयजल, अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न अंतरराज्यीय परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, विकृत भूमि उपलब्ध कराने, राम वन गमन पथ परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा उज्जैन सहित अन्य विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
नगर निगम की VIP रोड लाइट निजी बंगले में! गणेश चौक स्थित गुड्डा जैन के घर पर सरकारी संपत्ति के इस्तेमाल से मचा बवाल
कटनी रेलवे जंक्शन: ट्रेन के जनरल कोच में महिला का प्रसव, रेलवे प्रशासन ने दिखाई तत्परता
जीआरपी कटनी की बड़ी कामयाबी: राज्य स्तरीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 लाख से अधिक के जेवरात बरामद