श्री सत्य साई प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ का कटनी में भव्य स्वागत
रीठी, मुंहास और पहरुआ में भक्तों ने आरती-पूजन कर किया अभिनंदन, आज निकलेगी विशाल साई रथयात्रा
कटनी। श्री सत्य साई बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव के पावन अवसर पर निकला “श्री सत्य साई प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ” दमोह जिले से होते हुए रीठी और मुंहास मार्ग से कटनी पहुंचा। शनिवार सायंकाल नदीपार कटनी स्थित सत्यज्योत लॉन में दिव्य रथ के स्वागत एवं अभिनंदन का भव्य आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने वेदपाठ, भजन, आरती और भक्तिमय कार्यक्रमों के माध्यम से साई बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
सत्यज्योत लॉन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण “ॐ श्री साई राम” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने साई रथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और देर शाम तक भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा।
रीठी में भावविभोर हुआ स्वागत
मुंहास से रीठी पहुंचने के दौरान प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ का भक्तों ने आरती, पूजन, पुष्पवर्षा और मिष्ठान प्रसाद वितरण के साथ भावपूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर कंदेले परिवार, श्रीमती विश्वकर्मा, विनोद शर्मा, गुप्ता एवं राकेश ताम्रकार ने सपरिवार उपस्थित होकर साई रथ का अभिनंदन किया।
इसके साथ ही कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, रीठी के प्राचार्य सुरेंद्र राजपूत तथा महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी दिव्य रथ का सहर्ष स्वागत कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
पहरुआ स्थित श्री शिर्डी साईनाथ मंदिर में विशेष पूजा
कटनी आगमन से पूर्व दिव्य रथ पहरुआ स्थित श्री शिर्डी साईनाथ मंदिर पहुंचा, जहां मंदिर के पुजारी एवं भक्तगणों ने रथ में विराजमान श्री सत्य साई बाबा की पूजा-अर्चना, आरती और मंगल वंदना की। श्रद्धालुओं ने इसे अत्यंत आध्यात्मिक एवं सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस पावन अवसर पर सुप्रसिद्ध मुंहास मंदिर परिसर के समीप श्री सत्य साई सेवा समिति न्यू कटनी, रीठी तथा कटनी के भक्तों द्वारा गुलमोहर के दो पौधों का रोपण किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि श्री सत्य साई बाबा का संदेश केवल भक्ति और आध्यात्मिकता तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन भी उनके जीवन दर्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आज निकलेगी भव्य साई रथयात्रा और शोभायात्रा
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार रविवार, 09 अगस्त को दोपहर 3 बजे कमानियागेट स्थित दक्षिणमुखी श्री हनुमान जी मंदिर से भव्य साई रथयात्रा एवं शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर सत्यज्योत लॉन, नदीपार कटनी पहुंचेगी, जहां समापन समारोह, भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील
श्री सत्य साई सेवा समिति, न्यू कटनी ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस दिव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन में सपरिवार पधारकर श्री सत्य साई बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा भक्ति, सेवा, प्रेम और सद्भाव के इस आध्यात्मिक महोत्सव को सफल बनाएं।
ॐ श्री साई राम

More Stories
₹75 लाख के ऑफर ने पलटी बाजी! कोर्ट ने आरोपी की डिफॉल्ट बेल की निरस्त। कटनी के चर्चित हत्याकांड में बड़ा फैसला, कोर्ट ने आरोपी की डिफॉल्ट बेल की निरस्त, गवाहों को प्रभावित करने और ₹75 लाख के प्रस्ताव को माना गंभीर आधार
कटनी रेलवे स्टेशन के जबलपुर एंड पर मिला अज्ञात युवक का शव, जीआरपी ने शुरू की जांच
एक पौधा–हर नागरिक’ का संकल्प लेकर उमड़ा जनसैलाब, अमकुही फिल्टर हाउस में 11हजार पौधों से महका अमृत हरित महाअभियान महापौर, निगमाध्यक्ष व निगमायुक्त ने किया पौधारोपण, जनभागीदारी से हरित कटनी के संकल्प को मिली नई ऊर्जा