जल संरक्षण और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान, बारडोली वेलफेयर सोसाइटी को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन कटनी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में समाजसेवी संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी को सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। संस्था को विशेष रूप से जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जल संचय कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। संस्था प्रमुख श्री आर. एल. चौधरी ने जिला प्रशासन की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।
जल गंगा अभियान में निभाई अहम भूमिका
जिला प्रशासन के निर्देश एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में 19 मार्च से 30 जून 2025 तक संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान बारडोली वेलफेयर सोसाइटी ने नवांकुर संस्था के रूप में सेक्टर कन्हवारा के 10 ग्रामों में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया।
संस्था द्वारा दीवार लेखन, ग्राम चौपाल, संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक और जल स्रोतों के गहरीकरण के लिए श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल संचय के प्रति जागरूक किया गया।
इससे पहले भी संस्था ने जल संचय अभियान के तहत नदी-नालों के बहते पानी को बोरी बंधान एवं मेड़-बंधान के माध्यम से रोककर उसे पशु-पक्षियों के उपयोग तथा खेती में सिंचाई के लिए संरक्षित करने का कार्य किया।
सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय संस्था
बारडोली वेलफेयर सोसाइटी जल संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय है। संस्था द्वारा कटनी एवं बड़वारा विकासखंड की विभिन्न आंगनबाड़ियों को गोद लेकर बच्चों को नियमित रूप से दूध-बिस्किट तथा समय-समय पर यूनिफॉर्म, स्कूल बैग और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
इसके अलावा सेवा बस्तियों में जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी एवं खाद्यान्न सामग्री का वितरण भी किया जाता है। वहीं भारत सरकार के हस्तशिल्प एवं वस्त्र मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय मंत्रालय के माध्यम से हस्तशिल्पियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मेलों में सहभागिता भी दिलाई जाती है।
सम्मान मिलने पर संस्था से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने बारडोली वेलफेयर सोसाइटी और संस्था प्रमुख श्री आर. एल. चौधरी को बधाई देते हुए उनके सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यों की सराहना की।

More Stories
“परेशान मत करो” : हाइवा ट्रांसपोर्ट यूनियन का ऐलान, मांगें नहीं मानीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
कटनी स्टेशन के बाहर बिना परमिट दौड़ रहे निजी वाहन, यात्रियों से वसूली के आरोप; RTO और यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
विधायक संजय पाठक के नेतृत्व में विजयराघवगढ़ से कारीतलाई निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली 20 किलोमीटर की रैली का जगह जगह लोगों ने किया स्वागत