कोतवाली पुलिस को मिली बडी सफलता मुड़वारा स्टेशन के पास 18.748 किलो गांजा जब्त, हरियाणा का 22 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार
कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 18.748 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध हालत में मिला युवक
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम 17-18 अगस्त की दरम्यानी रात संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और पेट्रोलिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुड़वारा स्टेशन से सिविल लाइन मार्ग पर फुट ओवरब्रिज के पास एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
18 पैकेटों में मिला गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश यादव (22 वर्ष) निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा बताया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैगों की तलाशी लेने पर पुलिस को 18 पैकेटों में कुल 18.748 किलोग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कटनी में किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस संभावित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

More Stories
गौशाला पहुंचे यश पाठक, गौ माता को गुड़ खिलाकर की गौसेवा; हरा चारा और गौ ग्रास भी खिलाया
हिरवारा ग्राम पिपरिया में बाबा होटल की आड़ में कथित सट्टा कारोबार, कार्रवाई पर उठे सवाल
“परेशान मत करो” : हाइवा ट्रांसपोर्ट यूनियन का ऐलान, मांगें नहीं मानीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी