वसूली कार्य में रूचि न लेना तीन कर्मचारियों को पड़ा मंहगा निगमायुक्त ने वेतन आहरण पर लगाई रोक
राजस्व वसूली कार्य एवं लोक अदालत की पूर्व तैयारियों की समीक्षा कर निगमायुक्त नें वसूली दल को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ वसूली अमला करे निगम के बकाया करों की वसूली का कार्य- निगमायुक्त श्री दुबे
कटनी – नगर निगम आयुक्त श्री नीलेश दुबे ने बुधवार को निगम की राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक के दौरान बकाया वसूली कार्य में रूचि न प्रदर्शित करने वाले तीन राजस्व कर्मचारियों पर गहन नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके अगस्त माह के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने वसूली दल के कर्मचारियों को ताकीद करते हुए हिदायत दी कि बकाया वसूली कार्य के किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वसूली कार्य आपका नैतिक दायित्व है। अतः सभी अधिकारी कर्मचारी अपने अपने दायित्वों का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ करें।
बैठक के दौरान राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, मुकेश राजपूत, प्रकाश पांडे, लवकुश तिवारी सहित राजस्व एवं जल प्रदाय विभाग के वसूलीकर्ता दल की उपस्थिति रही।
दैनिक वसूली का लक्ष्य करें निर्धारित
निगमायुक्त श्री दुबे ने राजस्व वसूली दल को रोजाना की वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर बकायादारों से नियमित संपर्क स्थापित करते हुए बकाया राशि निगम कोष में जमा कराने के निर्देश दिए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर शासन के माध्यम से मिलने वाला अनुदान प्रभावित होने से कर्मचारियों को प्रतिमाह मिलने वाले वेतन के आहरण में दिक्कतों का सामना करने की जानकारी से भी अवगत कराते हुए पूर्ण मनोयोग से वूसली कार्य करनें की हिदायत वसूली अमले को दी।
लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा
निगमायुक्त श्री दुबे ने बैठक के दौरान 13 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की पूर्व तैयारियों की समीक्षा भी विस्तार से की। इस दौरान विगत लोक अदालत की कम वसूली पर असंतोष व्यक्त करते हुए शेष बचे दिवसों में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने की हिदायत उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को दी। निगमायुक्त ने दल को निर्देशित करते हुए बकाया करदाताओं के शत प्रतिशत बिलों का वितरण करने, दूरभाष एवं मैसेज के माध्यम से बकाया राशि ,लोक अदालत आयोजन तिथि तथा बकाया राशि जमा करने पर मिलने वाली छूट की जानकारी से करदाताओं को अवगत कराते हुए उनके संपर्क कर राशि बकाया राशि निगम कोष में जमा करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान राजस्व विभाग एवं जल प्रदाय शाखा के वसूली दल के कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

More Stories
15 जिलों के अग्निवीर भर्ती रैली में 5374 युवाओं को किया गया है आमंत्रित
बोर्ड परीक्षा के बीच डीजे का शोर बना मुसीबत, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित – पुलिस से कार्रवाई की मांग
कटनी जिले में सलीमनाबाद के ग्राम लीगरी में अवैध प्लाटिंग का खेल, भू-माफिया बेखौफ – प्रशासन मौन