बरही में कृषि महोत्सव: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 मार्च को करेंगे रोड शो, 300 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा के बरही क्षेत्र में 14 मार्च को आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के आमंत्रण पर बरही पहुंचेंगे, जहां वे नगर में रोड शो करने के साथ ही किसानों को कई बड़ी सौगातें देंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक लगातार अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री बरही पहुंचने के बाद करीब 2 किलोमीटर लंबे रोड शो के माध्यम से नगर की जनता के बीच जनदर्शन करेंगे। इस दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर जनता और कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा व मालाओं से उनका स्वागत किया जाएगा।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री विजयनाथ धाम परिसर स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित कृषि महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे लगभग 300 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 30 पंचायतों के खेतों को सिंचित करने वाली 650 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो सिंचाई परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिससे करीब 50 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
इसके अलावा 94 करोड़ रुपये की लागत से बरही–मैहर मार्ग पर कुटेश्वर पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण की भी घोषणा की जाएगी।
विधायक संजय पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का क्षेत्र में आगमन विजयराघवगढ़ के विकास के साथ किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि के लिए ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों और नागरिकों से बड़ी संख्या में कृषि महोत्सव में शामिल होकर मुख्यमंत्री का स्वागत करने की अपील की है।

More Stories
विजयराघवगढ़ विस के बरही में ‘कृषि महोत्सव’ की भव्य तैयारी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का होगा ऐतिहासिक स्वागत
बैन के बाद भी कटनी में धड़ल्ले से बिक रही पॉलीथिन, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल
वंशरूप वार्ड में विकास को मिली नई रफ्तार, खेरमाई मंदिर परिसर में बाउंड्रीवॉल व शेड निर्माण का भूमिपूजन संपन्न विकास कार्य से क्षेत्र में खुशी की लहर, नागरिको व मातृशक्तियां ने जताया आभार