खबर का असर: मंदिर परिसर में संचालित निजी क्लीनिक पर प्रशासन की कार्रवाई, जांच कर बनाया गया पंचनामा
कटनी | 11 जून
कटनी जिले के विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम बकेली में मंदिर परिसर में संचालित निजी क्लीनिक को लेकर सामने आई खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जांच उपरांत पंचनामा तैयार किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सिघनपुरा के ग्राम बकेली स्थित मंदिर परिसर में संचालित निजी क्लीनिक की जांच नायब तहसीलदार सिंगौड़ी राजेन्द्र श्रीवास्तव एवं विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी विनोद कुमार की टीम द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान क्लीनिक के संचालन और चिकित्सा गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई गई।
जांच में मौके पर यह जानकारी सामने आई कि यहां सी.पी. सिंह नाहर एवं भूपेन्द्र सिंह नाहर द्वारा मेडिकल प्रैक्टिस की जा रही थी। अधिकारियों ने क्लीनिक में रखी एलोपैथिक दवाइयों एवं अन्य सामग्री की जांच की तथा उपलब्ध सामग्री की सूची तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की।
जांच दल ने संबंधित प्रैक्टिशनरों को निर्देश दिए हैं कि वे आगामी तीन दिवस के भीतर मेडिकल प्रैक्टिस से संबंधित सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एक पक्षीय वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है और स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर संचालित व्यवस्थाओं की नियमित जांच जरूरी है, ताकि आम लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो।
फिलहाल प्रशासन की आगे की कार्रवाई और दस्तावेजों की जांच पर सभी की नजर बनी हुई है।

More Stories
कटनी ब्रेकिंग नगर निगम अतिक्रमण विभाग कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, वीडियो वायरल — मामला पहुंचा कोतवाली
गाड़ी उठाने को लेकर अतिक्रमण विभाग कार्यालय में हंगामा, कर्मचारी से मारपीट का आरोप — शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी
कटनी रेलवे में तत्काल टिकट दलाली पर उठे बड़े सवाल, क्या कार्रवाई होगी या जारी रहेगा खेल?