कटनी में शहरी परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार: इलेक्ट्रिक बसों, चार्जिंग स्टेशन और आधुनिक बस टर्मिनल को मिली मंजूरी
कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में दीनदयाल कटनी सिटी बस सर्विसेस लिमिटेड की 20वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न
कटनी। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दीनदयाल कटनी सिटी बस सर्विसेस लिमिटेड की 20वीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स बैठक सोमवार को कंपनी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, चार्जिंग अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक बस स्टैंड विकास तथा यात्री सुविधाओं को बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
पांच स्थानों पर बनेंगे चार्जिंग स्टेशन,कैफेटेरिया और स्मार्ट टॉयलेट
बैठक में नगर निगम क्षेत्र के पांच प्रमुख स्थलों—प्रियदर्शिनी बस स्टैंड, झिंझरी बस स्टैंड, माधवनगर मित्तल कार्यालय के समीप, कलेक्ट्रेट के सामने एवं माधवनगर उपकार्यालय परिसर में चार्जिंग स्टेशन, कैफेटेरिया और पे-एंड-यूज शौचालयों के निर्माण एवं संचालन हेतु प्राप्त निविदा को स्वीकृति प्रदान की गई। कलेक्टर श्री तिवारी ने इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कंपनी की डायरेक्टर एवं महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, प्रबंध संचालक एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पाल सहित कंपनी के अन्य संचालक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
शहर के लिए तैयार होगा व्यापक मोबिलिटी प्लान
सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए डीयूटीएफ (DUTF) फंड से कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान तैयार कराने की अनुशंसा की गई। यह योजना शहर के यातायात प्रबंधन और परिवहन सुविधाओं के विस्तार की दिशा तय करेगी।
झिंझरी बस स्टैंड को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
संचालक मंडल ने झिंझरी स्थित क्षेत्रीय बस स्टैंड में बस शेड, कैनोपी, फ्रंट एलिवेशन, लिफ्ट, ट्रस स्ट्रक्चर, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, मीटिंग हॉल एवं कार्यालय निर्माण सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन एवं बस पिट शेड के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की अनुशंसा भी की गई।
पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 15 नए चार्जिंग स्टेशन
बैठक में प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत कटनी शहर में 15 नए इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। कलेक्ट्रेट, तिलक कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज, मुड़वारा रेलवे स्टेशन, माधवनगर उपकार्यालय सहित विभिन्न शासकीय परिसरों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
कटनी-रीवा और कटनी-जबलपुर मार्ग पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
समीक्षा के दौरान बताया गया कि चार इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए योलो बस प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध किया जा चुका है। कलेक्टर श्री तिवारी ने कटनी-रीवा मार्ग पर दो तथा कटनी-जबलपुर मार्ग पर दो इलेक्ट्रिक बसों के संचालन हेतु आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चार्जिंग अधोसंरचना और बस संचालन के लिए तय हुई समय-सीमा
संचालक मंडल ने योलो बस कंपनी को एक सप्ताह के भीतर प्रोटोटाइप निरीक्षण तथा छह सप्ताह के भीतर चार्जिंग अधोसंरचना सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समय में बस संचालन शुरू किया जा सके।
पीपीपी मॉडल से बढ़ेगी परिवहन कंपनी की आय
परिवहन कंपनी की आय बढ़ाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न स्थानों पर पीपीपी (BOT) मॉडल के तहत डिजिटल एवं गैर-डिजिटल मीडिया डिस्प्ले स्थापित करने के लिए एजेंसी चयन हेतु निविदा जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यालयीन उपयोग में बढ़ेगा ई-वाहनों का इस्तेमाल
संचालक मंडल ने कंपनी के कार्यालयीन कार्यों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को आउटसोर्स आधार पर किराये पर लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इससे हरित एवं ऊर्जा दक्ष परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाओं को मिला विस्तार
बैठक में एनयूएलएम के माध्यम से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाओं की अवधि एक वर्ष बढ़ाने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
शहर को मिलेगा आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन नेटवर्क
बैठक में लिए गए निर्णयों से कटनी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई गति मिलेगी। चार्जिंग स्टेशनों का विस्तार, आधुनिक बस टर्मिनलों का विकास और इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शहर की परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी बनाएगा।

More Stories
सांसद श्री शर्मा एवं महापौर श्रीमती सूरी के मुख्य आतिथ्य में निगम कार्यालय में जनकल्याण शिविर का शुभारंभ विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से किया गया लाभान्वित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता- सांसद श्री शर्मा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों लें शिविर का लाभ – महापौर श्रीमती सूरी
कटनी ब्रेकिंग नगर निगम अतिक्रमण विभाग कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, वीडियो वायरल — मामला पहुंचा कोतवाली
गाड़ी उठाने को लेकर अतिक्रमण विभाग कार्यालय में हंगामा, कर्मचारी से मारपीट का आरोप — शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी