बरगंवा में लाल पहाड़ी की छाती छलनी: LIC बिल्डिंग के पीछे दिनदहाड़े चल रहा अवैध मुरुम खनन, खनिज विभाग पर उठे सवाल
बरगंवा। शहर के बीचों-बीच स्थित LIC बिल्डिंग के पीछे लाल पहाड़ी क्षेत्र में कथित रूप से अवैध मुरुम खुदाई और परिवहन का बड़ा खेल खुलेआम चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां दिन के उजाले में मजदूर लगाकर मुरुम की खुदाई की जा रही है, फिर उसे एक स्थान पर इकट्ठा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से दूसरे स्थानों पर डंप किया जा रहा है, जहां से आगे ट्रकों द्वारा बड़े पैमाने पर परिवहन की तैयारी की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से लेकर देर रात तक ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। लाल पहाड़ी से निकाली जा रही मुरुम को पहले अस्थायी रूप से जमा किया जाता है और फिर चरणबद्ध तरीके से अन्य स्थानों तक पहुंचाया जाता है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि पूरे मामले में संगठित तरीके से अवैध खनन और परिवहन का नेटवर्क सक्रिय है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि खनिज विभाग की नजरों के सामने शहर के बीचों-बीच यह गतिविधि कैसे संचालित हो रही है? स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन चाहे तो मौके पर पहुंचकर कुछ ही घंटों में पूरे मामले की वास्तविकता सामने ला सकता है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी चिंता जताई है कि लाल पहाड़ी में लगातार हो रही खुदाई से पर्यावरणीय नुकसान, भूमि क्षरण और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र के समीप इस प्रकार की गतिविधियां प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।
अब देखना यह होगा कि खनिज विभाग और जिला प्रशासन लाल पहाड़ी में चल रहे इस कथित अवैध मुरुम कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हैं या यह खेल आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। स्थानीय लोग मामले की उच्च स्तरीय जांच, मौके का निरीक्षण और अवैध परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा अन्य वाहनों की जांच की मांग कर रहे हैं।

More Stories
हर घर तिरंगा अभियान: जोबीकला, मड़ई और डिठवारा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे
राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में बर्डस्ले स्कूल का जलवा सागर में शानदार प्रदर्शन के बाद कटनी मुड़वारा स्टेशन पर विजेता खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत
श्री सत्य साई प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ का कटनी में भव्य स्वागत रीठी, मुंहास और पहरुआ में भक्तों ने आरती-पूजन कर किया अभिनंदन, आज निकलेगी विशाल साई रथयात्रा