Chief Editor

Dharmendra Singh

Office address -: hanuman colony gole ka mandir gwalior (m.p.) Production office-:D304, 3rd floor sector 10 noida Delhi Mobile number-: 9806239561, 9425909162

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
August 16, 2026

सच दिखाने की हिम्मत

विधायक संजय पाठक की फर्म से 1.49 करोड़ की साइबर ठगी में बड़ी कार्रवाई, करेली से 4 आरोपी गिरफ्तार

कटनी। विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की फर्म से हुई 1 करोड़ 49 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में रंगनाथनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े चार आरोपियों को नरसिंहपुर जिले के करेली से गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को एक दिन की रिमांड मिली है। रिमांड के दौरान आरोपियों से ठगी के नेटवर्क और रकम के लेनदेन को लेकर पूछताछ की जा रही है।

खातों में रकम ट्रांसफर कर बिछाया ठगी का जाल

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को विधायक संजय पाठक की फर्म से 1,49,60,000 रुपये की साइबर ठगी की गई थी। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। जांच के दौरान सामने आया कि इसमें से 4 लाख 20 हजार रुपये करेली निवासी अनुज कुर्मी के खाते में पहुंचे थे।

इसके बाद अनुज ने रकम को आर्यन, यशवंत और एक अन्य युवक के खातों में ट्रांसफर किया। पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन और पैसों की ट्रांजेक्शन चेन को खंगाला तो आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने करेली में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

28 लाख रुपये फ्रीज, अंतरराज्यीय गिरोह की तलाश तेज

जांच के दौरान पुलिस अब तक ठगी की करीब 28 लाख रुपये की राशि अलग-अलग बैंक खातों में फ्रीज करा चुकी है। पुलिस को साइबर ठगी के इस मामले में कई अहम सुराग भी मिले हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें अंतरराज्यीय साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह के अन्य मुख्य सदस्यों तक भी जल्द पहुंच बनाई जा सकेगी।

पुलिस की जांच में खुल सकते हैं कई राज

चारों आरोपियों की एक दिन की पुलिस रिमांड के दौरान बैंक खातों, मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन और ठगी की रकम के आगे हुए लेनदेन के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे साइबर फ्रॉड के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी की रकम किन-किन खातों में पहुंचाई गई।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और अंतरराज्यीय साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जांच तेज कर दी गई है।