जलकर में 50 फीसदी छूट का लाभ न लेने वाले बकायादारों पर निगम की सख्ती
बकाया जलकर जमा नहीं करने पर तीन नल कनेक्शन विच्छेदित, कार्रवाई लगातार रहेगी जारी
कटनी – जलकर के बकायादार उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लागू की गई विशेष राहत योजना के तहत कुल बकाया जलकर राशि का 50 प्रतिशत जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि में छूट दी जा रही है। इसके बावजूद योजना का लाभ नहीं लेने और लंबे समय से बकाया जलकर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध अब निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी क्रम में नगर निगम की जलप्रदाय शाखा द्वारा तीन बकायादार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए हैं। जलकर शाखा प्रभारी एवं सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया राशि तथा विशेष राहत योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट की जानकारी देते हुए राशि जमा करने के लिए सूचित किया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समय में बकाया राशि जमा नहीं की गई।
हजारों की बकाया राशि के बाद भी नहीं उठाया योजना का लाभ
जलप्रदाय शाखा द्वारा की गई कार्रवाई में उपभोक्ता क्रमांक 1002860084 पर 41 हजार 659 रुपये तथा उपभोक्ता क्रमांक 1082313792 पर 55 हजार 770 रुपये तथा उपभोक्ता क्रमांक 1003355342 पर 24 हजार 686 रूपये का जलकर बकाया पाया गया। तीनों उपभोक्ताओं को बकाया राशि पर मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठाकर जलकर जमा करने का अवसर दिया गया, लेकिन संबंधित उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई गई। इसके बाद निगम ने नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की।
छूट का अवसर गंवाया तो होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष राहत योजना केवल बकायादारों को सुविधा देने का अवसर है, बकाया राशि जमा करने से बचने का माध्यम नहीं। योजना के तहत 10 सितंबर तक 50 प्रतिशत छूट का लाभ लिया जा सकता है। निगम ने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते योजना का लाभ उठाकर बकाया जलकर जमा करें और नल कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचें।
निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बार-बार सूचना एवं अवसर दिए जाने के बावजूद बकाया जलकर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नल कनेक्शन विच्छेदन सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

More Stories
ढीमरखेड़ा पुलिस ने चोरी के फरार आरोपी को किया गिरफ्तार चोरी का मशरूका बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, भेजा गया जेल
158 बकरा-बकरी का अवैध और क्रूरतापूर्वक परिवहन, कुठला पुलिस ने ट्रक समेत 4 आरोपियों को पकड़ा
बरगवां में आयकर विभाग के रेस्ट हाउस में वरिष्ठ अधिकारी का शव मिला, बंद कमरे में संदिग्ध हालात