रीठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 31 गोवंश बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
कटनी
कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद बॉडी कंटेनर से 31 नग गोवंश को मुक्त कराया है। तस्करों ने गाय, बैल और बछड़ों को बेहद क्रूरतापूर्वक ठूस-ठूस कर कंटेनर में भर रखा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
देर रात घेराबंदी कर पकड़ा कंटेनर
जानकारी के अनुसार रीठी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में अवैध रूप से गोवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने 17 मार्च की रात करीब 12:03 बजे ग्राम सिमरा के पास मैदान में घेराबंदी की। पुलिस को देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने कंटेनर क्रमांक UP21BN5175 को अपने कब्जे में ले लिया।
कंटेनर खोलते ही सामने आया क्रूरता का मंजर
पुलिस ने जब कंटेनर की तलाशी ली तो भीतर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कंटेनर के अंदर कुल 31 नग गोवंश (गाय, बैल और बछड़े) पाए गए। सभी पशुओं को बिना चारे-पानी के गर्दन और पैर बांधकर बेहद अमानवीय तरीके से भरा गया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन पशुओं को वध या अवैध बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
रीठी थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक विनोद पटेल की शिकायत पर पुलिस ने रेखा बाई और शील चंद (दोनों निवासी तिदनी, थाना शाहनगर) सहित दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर मध्य प्रदेश गो-वंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 6(ख) व 9 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है।
गौशाला भेजे गए सभी पशु
पुलिस ने बरामद किए गए सभी 31 गोवंश को सुरक्षित रूप से कंटेनर से बाहर निकालकर नजदीकी गौशाला में भेज दिया है, जहां उनका उपचार और देखभाल की जा रही है। वहीं पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में रात के समय गौ तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।

More Stories
कटनी के साहित्यकार डॉ. रमाकांत निगम को राष्ट्रीय सम्मान, ‘स्वामी विवेकानंद पर्सनेलिटी ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ से नवाजे गए
कटनी में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: वारदात से पहले ही कट्टा लेकर घूम रहा बदमाश गिरफ्तार
सफाई मित्रों एवं निगम कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित 22 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया 500 से अधिक कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण स्वस्थ सफाई मित्र — स्वच्छ एवं सुरक्षित शहर निर्माण की दिशा में नगर निगम की महत्वपूर्ण पहल