कटनी में नहीं थम रही चाकूबाजी: पूल खेलकर लौट रहे नाबालिक पर जानलेवा हमला, जांघ में फंसी टूटी चाकू

कटनी। शहर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम जनता में दहशत का माहौल बन गया है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के नई बस्ती शंभु टाकीज रोड का है, जहां पूल खेलकर घर लौट रहे एक नाबालिक पर अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आजाद चौक निवासी नाबालिक अपने दोस्तों के साथ नई बस्ती में पूल खेलने गया था। खेल खत्म कर जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में नाबालिक की जांघ में गंभीर चोट आई। हैरान करने वाली बात यह रही कि वार के दौरान चाकू टूटकर उसकी जांघ में ही फंस गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल नाबालिक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इधर, शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कटनी में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं और आम नागरिक डर के साए में जीने को मजबूर हैं।
शहरवासियों ने कटनी पुलिस से मांग की है कि ऐसे चाकूबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जाए, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके

More Stories
कटनी रेलवे स्टेशन पर नकली पानी के साथ अवैध खाने का बड़ा खेल उजागर, ट्रेनों में ठेकेदारों का खुला संचालन
अवैध कालोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध निगम प्रशासन द्वारा कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी अवैध संरचना पर चला निगम का बुलडोजर, अहमद नगर में बड़ी कार्रवाई
कटनी में कलेक्टर बंगले के पीछे कचरे का अंबार, अमकुही रोड झिंझरी क्षेत्र के लोगों का जीना हुआ दूभर