ऑपरेशन शिकंजा: कैमोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 72 हजार की अवैध देशी शराब जब्त — एक गिरफ्तार, सप्लायर फरार
कैमोर | 10 अप्रैल 2026
कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम जमुवानी कला में दबिश देकर पुलिस ने 72 हजार रुपये कीमत की अवैध देशी शराब जब्त की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में कैमोर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार शर्मा को 9-10 अप्रैल की रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जमुवानी कला में एक व्यक्ति कच्चे मकान में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू (36) निवासी जमुवानी कला बताया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कच्चे मकान की परछी में घास-फूस के पीछे छिपाकर रखी शराब बरामद की। मौके से कुल 14 कार्टून में 700 पाव देशी प्लेन एवं मसाला शराब (कुल 126 लीटर) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 72 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 105/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि यह शराब खलवारा बाजार निवासी रोहित सिंह उर्फ पौहा द्वारा लाकर उसके घर में रखवाई गई थी। पुलिस ने रोहित सिंह को भी आरोपी बनाया है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश करौसिया, सहायक उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक संतोष कटारिया, आरक्षक विनोद कुमार, अजीत तिवारी, अंकुल बागरी एवं विकास पुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
कटनी महर्षि विद्या मंदिर ने बढ़ाई परिवहन सुविधा, टाटा की दो नई बसें शामिल
बारडोली वेलफेयर सोसायटी द्वारा जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न व वस्त्र वितरण
महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रमोद कुमार वर्मा का आकस्मिक निधन