कटनी नगर निगम में नियमों पर सवाल! आउटसोर्स कर्मचारी को बना दिया स्वच्छता अधिकारी, उठे कई गंभीर प्रश्न
कटनी। नगर निगम कटनी में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्रशासनिक प्रक्रियाओं और नियुक्ति नियमों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक आउटसोर्स कर्मचारी को सीधे स्वच्छता अधिकारी (एसआई) के पद पर जिम्मेदारी सौंप दी गई, जबकि इस प्रक्रिया को लेकर विभागीय नियमों और स्थापना शाखा की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले के अनुसार स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी जी की भूमिका को लेकर चर्चा तेज है। आरोप लगाया जा रहा है कि चंडीका नगर निवासी संदीप बर्मन, जो कथित तौर पर आउटसोर्स व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी बताए जा रहे हैं, उन्हें सफाई कर्मी से सीधे स्वच्छता अधिकारी जैसी जिम्मेदारी दे दी गई। चर्चा यह भी है कि इस प्रक्रिया में स्थापना विभाग की आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया।
सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि संबंधित कर्मचारी नियमित नियुक्ति या अनुकंपा नियुक्ति श्रेणी में नहीं थे, तो फिर उन्हें किस प्रशासनिक आदेश और किस नियम के तहत पद संबंधी जिम्मेदारी दी गई।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि वर्ष 2018 के बाद लागू सेवा नियमों और पदोन्नति संबंधी प्रावधानों के अनुसार इस प्रकार की प्रक्रिया वैधानिक है या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है।
अब बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि क्या नगर निगम प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की समीक्षा करेंगे? साथ ही यह भी देखा जाएगा कि संबंधित आदेश केवल कार्य आवंटन था या वास्तव में पदोन्नति अथवा नियमितीकरण की श्रेणी में आता है।
हालांकि, इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। प्रशासनिक जांच या आधिकारिक दस्तावेज सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

More Stories
खनियाधाना जनपद की ग्राम पंचायत रेडी हिम्मतपुर में भ्रष्टाचार का आरोप, सीसी सड़क निर्माण में बड़ा घोटाला उजागर
कटनी नगर निगम में पदस्थापना और पदोन्नति प्रक्रिया पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज
बिलहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा खिलाते आरोपी को दबोचा, नगदी व सट्टा सामग्री जब्त