कटनी मंगल नगर में चाकूबाजी: युवक की इलाज के दौरान मौत, पिता-पुत्र पुलिस हिरासत में
कटनी। शहर के मंगलनगर क्षेत्र में रविवार दोपहर हुई चाकूबाजी की घटना में 25 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हैया गौड़ (25 वर्ष), पिता लाल बहादुर गौड़, निवासी मंगलनगर के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर लगभग 2 बजे पड़ोस में रहने वाले रमेश यादव का किसी बात को लेकर कन्हैया गौड़ से विवाद हो गया। इसी दौरान रमेश यादव का पुत्र रितेश यादव, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था, पहले कन्हैया के बड़े भाई से बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे कन्हैया गौड़ पर रितेश यादव ने घर में रखे चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल कन्हैया को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से जबलपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में स्लीमनाबाद के पास उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल कटनी लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों द्वारा रंगनाथ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश यादव और उसके पुत्र रितेश यादव को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद मंगलनगर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

More Stories
कटनी में सरेराह चाकूबाजी से सनसनी: मंगलनगर में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
रेलवे स्टेशन पर चला पल्स पोलियो अभियान, बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
बरगंवा शराब दुकान के बाहर अवैध चकना सेंटर, बैठाकर पिलाई जा रही शराब — नियमों पर उठे सवाल