उद्योगपति मुकेश गुप्ता ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, बोले—मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर

कटनी/ कटनी के चर्चित जानलेवा हमले के मामले में घायल उद्योगपति मुकेश गुप्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है। जबलपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत गुप्ता ने आरोप लगाया कि घटना के कई प्रमुख आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जबकि अब तक केवल कुछ लोगों की ही गिरफ्तारी की गई है।
मुकेश गुप्ता का कहना है कि हमले की साजिश में कई लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने सीमित कार्रवाई कर मामले को आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश शुक्ला समेत अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।
उधर, पुलिस ने मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष हर्ष पांडेय को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पूछताछ के लिए
माधवनगर थाने बुलाया। इसके अलावा गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि जांच में अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं, इस बारे में पुलिस ने कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
फायरिंग को लेकर अलग-अलग दावे
घटना के दौरान फायरिंग हुई या नहीं, इसे लेकर भी दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। पुलिस का कहना है कि हमले में लाठी-डंडों और अन्य हथियारों का इस्तेमाल हुआ, लेकिन गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं घायल मुकेश गुप्ता का दावा है कि हमले के दौरान उनके भाई राहुल गुप्ता पर रिवॉल्वर से गोली चलाई गई, जो उन्हें नहीं लगी। इसके बाद तीनों जान बचाने के लिए कार में बैठ गए, लेकिन हमलावरों ने वाहन को घेरकर उसमें भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

More Stories
मंडी पहुंची कांग्रेस, किसानों की पीड़ा सुनी — 25% मूंग खरीदी, डीएपी-यूरिया की कमी और पेट्रोल-डीजल संकट पर उठाई आवाज़
मुकेश सेठ हमला कांड में बड़ा एक्शन: BJP नेता हर्ष पाण्डेय सहित 6 आरोपी पुलिस कस्टडी में, वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार जब्त
कटनी हरदुआ आउटर पर अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, GRP ने शुरू की जांच