कटनी नगर निगम में अवैध वसूली का आरोप: वार्ड-02 के सफाई कर्मचारियों ने दरोगा पर लगाए ₹3 हजार मांगने के गंभीर आरोप
“पैसे नहीं दिए तो वेतन रोकने और ट्रांसफर कराने की दी धमकी” — आयुक्त को सौंपा शिकायत पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग
कटनी। नगर निगम कटनी के वार्ड क्रमांक-02 में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने वार्ड दरोगा भरत गोर पर गंभीर आरोप लगाते हुए नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे प्रति कर्मचारी ₹3,000 की अवैध वसूली की मांग की गई और राशि नहीं देने पर वेतन रोकने, स्थानांतरण कराने तथा पेंशन सहित अन्य शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करने की धमकी दी गई।
शिकायत पत्र के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को वार्ड दरोगा ने सभी सफाई कर्मचारियों को बुलाकर प्रत्येक से तीन हजार रुपये की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से वार्ड की सफाई कर नगर निगम द्वारा निर्धारित वेतन पर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में इस प्रकार की अवैध मांग से वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड दरोगा द्वारा आए दिन ड्यूटी, उपस्थिति और अन्य बातों को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। अवैध वसूली के कारण कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच लगातार विवाद की स्थिति बन रही है।
शिकायत पत्र में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई एवं स्थानांतरण की मांग की है, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके।
शिकायत पर हस्ताक्षर करने वालों में अनिल, लल्ला, विनीत, रंजीत, रजीता एवं राममिलन सहित वार्ड क्रमांक-02 के अन्य सफाई कर्मचारी शामिल हैं।


More Stories
कटनी के हाई-प्रोफाइल मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद जावेद कुरेशी को मिली जमानत, जिला न्यायालय ने सुनाया आदेश
कटनी के माधव नगर में गौवंश के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य का वीडियो वायरल, लोगों में आक्रोश वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल, आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज
महापौर ने, क्षेत्रीय पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ सड़क, नाली एवं विद्युत अधोसंरचना को मिलेगी नई मजबूती, वार्ड में लगेंगे 3 ट्रांसफार्मर एवं 74 विद्युत पोल महापौर ने वार्ड की वरिष्ठ महिला शकुन बर्मन के करकमलों द्वारा कराया भूमिपूजन, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार