कटनी में स्कूल परिसर बना अखाड़ा: निलंबन आदेश मिलते ही शिक्षक ने महिला शिक्षिका से की मारपीट, पुलिस ने लिया हिरासत में
कलेक्टर के निर्देश पर हुआ था निलंबन, बिलहरी चौकी पुलिस कर रही कार्रवाई
कटनी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलहरी में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब निलंबित किए गए एक शिक्षक ने कथित रूप से महिला शिक्षिका के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट कर दी। घटना के बाद पूरे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ शिक्षक वरुण नायक कुछ दिन पहले कटनी में आयोजित एक आंदोलन में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने स्कूल से अवकाश लेकर आंदोलन में भाग लिया था और वहां सरकार के खिलाफ कथित वक्तव्य दिया था। इस संबंध में उनका एक वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन. पांडे ने उनके निलंबन की कार्रवाई की थी।
सूत्रों के अनुसार, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र तिवारी ने सहानुभूति दिखाते हुए गुरुवार को उन्हें निलंबन आदेश की जानकारी दी। आरोप है कि आदेश मिलते ही शिक्षक वरुण नायक आक्रोशित हो गए और विद्यालय परिसर में ही महिला शिक्षिका श्रीमती रेखा तिवारी के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया तथा मारपीट की।
घटना के दौरान विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख प्राचार्य ने तत्काल बिलहरी पुलिस चौकी को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने पर भी आरोपी शिक्षक ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने शिक्षक वरुण नायक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि स्कूल परिसर में हंगामा और विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शिक्षक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई जा रही है तथा मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और शिक्षकों के आचरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
कटनी में विचाराधीन हत्या मामले पर मीडिया ट्रायल रोकने के निर्देश, विशेष न्यायाधीश ने कलेक्टर और एसपी को लिखा पत्र
कटनी जिला जेल में पदोन्नति की बड़ी सौगात जेल मुख्यालय भोपाल के आदेश पर 7 कर्मचारियों को मिली नई जिम्मेदारी, अरविंद शाह बने प्रमुख मुख्य प्रहरी
कटनी ग़ल्ला मंडी में चाय-नाश्ता ठेला संचालकों ने लगाया दबाव और धमकी का आरोप, कुठला थाने पहुंचा मामला