कटनी ग़ल्ला मंडी में चाय-नाश्ता ठेला संचालकों ने लगाया दबाव और धमकी का आरोप, कुठला थाने पहुंचा मामला
सीएम हेल्पलाइन शिकायत के जरिए ठेले हटवाने की कोशिश का आरोप, पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखवाए आवेदन
कटनी। कृषि उपज ग़ल्ला मंडी परिसर में वर्षों से चाय-नाश्ता का ठेला लगाकर रोजी-रोटी चलाने वाले छोटे व्यवसायियों ने खुद को भाजपा नेता और भाजपा आईटी सेल से जुड़ा बताने वाले शुभम कछवाहा पर दबाव बनाने और परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद ठेला संचालक कुठला थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई।
दुकानदारों का आरोप है कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कराकर मंडी परिसर से उनके ठेले हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि वे कई वर्षों से कृषि उपज मंडी में चाय-नाश्ता बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में उन्हें लगातार असहज और भयपूर्ण माहौल का सामना करना पड़ रहा है।
थाना प्रभारी ने दी समझाइश
सूत्रों के अनुसार, कुठला थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी। पुलिस ने शुभम कछवाहा को अंतिम बार समझाइश देते हुए भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न न करने की हिदायत दी। साथ ही चाय-नाश्ता ठेला संचालकों और शुभम कछवाहा से थाने में लिखित आवेदन लेकर हस्ताक्षर भी कराए गए।
अवैध वसूली और धमकाने के आरोप
ठेला संचालकों ने शुभम कछवाहा पर अवैध वसूली, डराने-धमकाने और प्रभाव का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदारों का कहना है कि उनसे कहा गया कि “मेरी पहुंच ऊपर तक है, मैं यहां से ठेला हटवा दूंगा।” इस तरह की बातों से छोटे व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है।
शिकायतकर्ताओं के नाम
कुठला थाने में पहुंचे शिकायतकर्ताओं में शामिल हैं —
संतोष कछवाहा, मुकेश गुप्ता, मोहित पटेल, मनीष मोटवानी, प्रकाश सेन, दिन्नू खटीक, सुरेश विश्वकर्मा, अनिल अग्रवाल एवं संतोष गुप्ता।
इन सभी ने मंडी परिसर में वर्षों से चाय-नाश्ता एवं ठेला व्यवसाय से जुड़े होने और कथित दबाव से परेशान होने की बात पुलिस के समक्ष रखी।
चाचा कृष्णकांत और सोनू पर भी आरोप
दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि शुभम कछवाहा के चाचा कृष्णकांत और सोनू भी मंडी क्षेत्र में लोगों को परेशान करने, बैनर लगाकर दबाव बनाने तथा विभिन्न आरटीआई और शिकायतों के माध्यम से कारोबारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने में शामिल रहते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कृष्णकांत और सोनू के खिलाफ भी पहले से थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
मंडी अधिकारियों और कारोबारियों में डर का माहौल
व्यापारियों का आरोप है कि लगातार शिकायतें, दबाव और कथित दबंगई के कारण मंडी क्षेत्र में काम करने वाले छोटे व्यवसायियों और कुछ अधिकारियों में भी भय का वातावरण बन गया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में विवाद और बढ़ सकता है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
चाय-नाश्ता ठेला संचालकों ने पुलिस प्रशासन और मंडी प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर अपना परिवार चलाने वाले छोटे व्यापारियों को अनावश्यक उत्पीड़न का सामना न करना पड़े। पुलिस ने मामले में प्राप्त आवेदनों के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है।

More Stories
कटनी में विचाराधीन हत्या मामले पर मीडिया ट्रायल रोकने के निर्देश, विशेष न्यायाधीश ने कलेक्टर और एसपी को लिखा पत्र
कटनी जिला जेल में पदोन्नति की बड़ी सौगात जेल मुख्यालय भोपाल के आदेश पर 7 कर्मचारियों को मिली नई जिम्मेदारी, अरविंद शाह बने प्रमुख मुख्य प्रहरी
1000 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला: महेंद्र गोयनका की जमानत पर मंगलवार को कोलकाता में होगी सुनवाई 10 दिन की रिमांड अवधि पूरी होने वाली है, पत्नी और भाई समेत 6 अन्य आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर