ग्रामीणों की सड़क पर खुद बाइक चलाकर पहुंचे कलेक्टर, एसपी ने पीछे बैठकर किया निरीक्षण
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम हल्का में प्रशासन की सक्रियता की अनूठी तस्वीर सामने आई। ग्रामीणों की सड़क की समस्या को समझने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी खुद मौके पर पहुंचे और सड़क की वास्तविक स्थिति जानने के लिए पहले करीब एक किलोमीटर पैदल चले। इसके बाद रास्ता कठिन होने पर उन्होंने खुद मोटरसाइकिल चलाकर मार्ग का निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा कलेक्टर के पीछे मोटरसाइकिल पर बैठे। दोनों अधिकारियों ने करीब 2 किलोमीटर लंबे बोंदा तिराहा से बसहरा मार्ग का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। बरसात के दौरान इस मार्ग पर कीचड़ और खराब रास्ते के कारण ग्रामीणों को होने वाली परेशानी को अधिकारियों ने स्वयं महसूस किया।
मौके पर ही दिए सड़क निर्माण के निर्देश
निरीक्षण के तत्काल बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को बोंदा तिराहा से बसहरा मार्ग को पक्की सड़क में बदलने के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा।
अधिकारियों को सड़क पर देख ग्रामीणों में दिखा उत्साह
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए कलेक्टर और एसपी का स्वयं कठिन मार्ग पर पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी समस्या वाली सड़क पर बाइक से निरीक्षण करते देख ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया।
यह पहल प्रशासन के जमीनी स्तर पर पहुंचकर समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में तत्काल कदम उठाने का उदाहरण बनी।

More Stories
विधायक और कलेक्टर ने छात्रों के साथ पंगत में बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
बड़वारा पुलिस की गांजा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 2.330 किलो गांजा जब्त; बाइक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
विधायक संजय पाठक की फर्म से 1.49 करोड़ की साइबर ठगी में बड़ी कार्रवाई, करेली से 4 आरोपी गिरफ्तार