*बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में निगम ने कराई पानी की निकासी*

_आयुक्त ने पन्ना रोड और अमोघा बस्ती का किया निरीक्षण, जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा_
शहर में हुई तेज बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हुई। नगर पालिक निगम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों से पानी की निकासी कराई गई। निगम अमले ने जल निकासी में बाधक अतिक्रमण एवं अन्य अवरोधों को हटाकर बरसाती पानी के बहाव को सुचारु किया।
आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह ने पन्ना रोड एवं अमोघा बस्ती क्षेत्र का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति एवं पानी की निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शहर में प्राप्त होने वाली जलभराव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पन्ना नाका-उमरी क्षेत्र में हनुमान मंदिर के आगे मुख्य मार्ग पर उमरी नाला की सफाई कराई गई। नाले में जल निकासी में बाधक अतिक्रमण हटवाकर बरसाती पानी के बहाव को सुचारु किया गया, जिससे क्षेत्र में जमा पानी की निकासी हो सकी।
वार्ड क्रमांक 1 के बड़ा अमौधा क्षेत्र में पुलिया खुलवाकर बरसाती पानी की निकासी कराई गई। वहीं भैंसखाना क्षेत्र में जल निकासी में बाधक अतिक्रमण हटाकर पानी के बहाव का मार्ग सुचारु कराया गया।साथ ही वार्ड क्रमांक 43 के स्वर्ण पैलेस (झोपड़पट्टी) क्षेत्र में भी बरसाती पानी की निकासी कराई गई।
*रोड पर सुरक्षा की दृष्टि से रोका गया आवागमन*
बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने और मार्ग पर पानी आने की स्थिति को देखते हुए बांधा रोड पर आवागमन बंद कराया गया। नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी एवं नालों के जलस्तर वाले संवेदनशील मार्गों पर निगरानी रखी गई तथा जोखिम वाले मार्गों पर आवागमन रोकने की कार्रवाई की गई।
आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह के निर्देश पर निगम अमले द्वारा बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई की गई। जल निकासी में बाधक अतिक्रमण एवं अवरोध हटाए गए, पुलिया एवं नालों के माध्यम से पानी का बहाव सुचारु कराया गया। निगम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा जलभराव की स्थिति में निगम तत्काल कार्यवाही के लिए प्रतिबद्ध है।

More Stories
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ नीम का थाना का 72 वां अधिवेशन आज दिनांक 20 अगस्त 2026 को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कोटड़ा में मनाया गया*
शिक्षा के अधिकार से सुरक्षित शिक्षा के अधिकार तक बच्चों की सुरक्षा, विद्यालय की गरिमा और सुरक्षित शिक्षण वातावरण की रक्षा की दिशा में राजस्थान का ऐतिहासिक कदम
80 वर्ष बाद: क्या भारत को तोड़ने वाली ताकतें नए रूप में फिर मजबूत हो रही हैं?