पं संदीप शर्मा रिपोर्टर
कटनी। भाजपा मतलब विकास, हम जनता से आशीर्वाद लेने निकल रहे और कांग्रेस जनाक्रोश के लिए निकल रही। क्योंकि कांग्रेस में हिंसा है, लिप्सा है, सत्ता का लोभ है वह नकारात्मकता से भरी हुई है, बीजेपी सदैव सकारात्मकता पर भरोसा करती है हमने जनता का काम किया तभी हम आशीर्वाद लेने निकले हैं। यह बात आज कटनी में जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ हितेश वाजपेयी ने कही। उन्होंने कहा कि जन आक्रोश का पर्याय कांग्रेस है तो जन आशीर्वाद का पर्याय भाजपा है। कांग्रेस जन हितेषी योजनाओं को बंद कराना जानती है और भाजपा जनता को कैसे लाभ पहुंचे इसके लिए जन योजनाओं को निरंतर बनाती है उसे लागू करती है । श्री वाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस का जन्म अंग्रेजों की कोख से हुआ था यह वही लोग हैं जो भारत को इंडिया कहते हैं। दुर्भाग्य से देश मे कांग्रेस का पहला प्रधानमंत्री अंग्रेजों द्वारा मनोनीत था। जी 20 समिट से आज पूरी दुनिया मे भारत का डंका बज रहा है। देश के हर नागरिक को गर्व महसूस हो रहा कि आज दुनिया भारत की बात मानती है। श्री वाजपेयी ने कहा कि जनता के समक्ष जाकर उनसे आशीर्वाद लेना यह भाजपा के संस्कार हैं इसी लिए हम जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं।
कटनी पहुँचे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेयी ने भाजपा जिला कार्यालय में जनआशीर्वाद यात्रा के संबंध में कटनी के पत्रकारों से चर्चा की और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। साथ ही 20 वर्ष में कराए गए का गरीब कल्याण का रिपोर्ट कार्ड भी पत्रकारों को भेंट किया। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी, विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती अलका जैन, श्री रामरतन पायल, जिला महामंत्री श्री सुनील उपाध्याय एवं जिला मीडिया प्रभारी श्री आशुतोष शुक्ला उपस्थित रहे।
5 जन आशीर्वाद यात्रा से जन-जन का लेंगे आशीर्वाद
पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ बाजपेयी ने कहा कि प्रदेश में 5 जनआशीर्वाद यात्राओं के माध्यम से 20 दिनों में 10,00 किमी में हमारे नेता व कार्यकर्ता जनता के बीच आशीर्वाद लेने जा रहे है उनकी बातें भी सुन रहे हैं जनआशीर्वाद यात्रा में हमे जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। 15 और 16 सितंबर को कटनी में जनआशीर्वाद यात्रा का आगमन होगा उन्होंने बताया कि 15 सितम्बर को जनआशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष श्री वीडी शर्मा शामिल होंगे, जबकि 16 सितम्बर को असम के मुख्यमंत्री श्री हेमंत बिस्वा शर्मा जनआशीर्वाद यात्रा को संबोधित करेंगे। चारों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी ने यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रभारियों की नियुक्ति के साथ अन्य नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी है। बड़वारा से यात्रा का आगाज होगा जिसमें राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन हमे प्राप्त होगा।
हम हवाई जहाज नहीं सड़क पर जनता के साथ चलने वाले
श्री बाजपेयी ने कहा कि हम हेलीकॉप्टर हवाई जहाज में नही चलते हम सड़क पर चलने वाले कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा सड़के विकास का पर्याय होती हैं। पहले कांग्रेस के शासनकाल के सड़को पर चलना मुश्किल था अब प्रदेश के हर क्षेत्र में सड़कों का विकास हुआ है। प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, लाडली लक्ष्मी योजना, लाडली बहना योजना से आज जनता लाभान्वित है। श्री वाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस के बुर्जुग नेता 86 साल की उम्र में भी अपने पुत्र मोह में राजनीतिक संघर्ष कर रहे हैं। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह राजनीति के अंतिम पायदान पर खड़े है और अपने बेटों की राजनैतिक पृष्ठभूमि बनाने पर लगे है। जबकि भाजपा का संघर्ष सड़क, पानी, और बिजली के लिए है। भाजपा भारत की जनता की लेकर साथ चलने वाली पार्टी है। इंडियन नेशनल कांग्रेस का गठन करने वाले इस देश से चले गए अब इनकी बारी है। हम सकारात्मक तथ्यों के बीच जनता के बीच जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस के नेता जनता के बीच से गायब हैं नकुलनाथ जनता के नही ट्वीट के नेता है एक ओर हमारा नेतृत्व पानी, आंधी में भी जनता का आशीर्वाद लेने जा रहा है। हमारा नेतृत्व आज किसी परिवार की वजह से नही है हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जन्म राजपरिवार में नही होता। कांग्रेस का हाल इतना खराब हो गया है कि पिछले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री तो दूर अपना नेता प्रतिपक्ष नही बना पाई कांग्रेस और उसके नेताओं को मुह चलाना आता है और हमे सरकार चलाना। 15 महीने की सरकार में कर्जमाफी का झूठ बोला और अभी लाडली बहना योजना की नकल कर 1500 रुपये के झूठे फॉर्म भरवाए।श्री वाजपेयी ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार कर्मचारियों की तनख्वाह नही दे पा रही है और कर्नाटक की सरकार ठेकेदारों की पेमेंट यह अंतर है।
दो उम्रदराज नेता अपने बच्चों के भविष्य के लिए मेहनत कर रहे
डॉ हितेश बाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस के दो उम्रदराज नेता अपने बच्चों के भविष्य के लिए मेहनत कर रहे हैं, जबकि भाजपा प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए काम कर रही है। लाडली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार बहनों को सक्षम और सशक्त बनाना चाहती है, जबकि कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना का चुनावी शिगूफा छोड़कर महिलाओं को भ्रमित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पहले प्रधानमंत्री को अंग्रेजों ने मनोनीत किया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत की जनता ने बहुमत से चुना है। कांग्रेस का लोकतंत्र पर कभी विश्वास नहीं रहा। भारत को इंडिया नाम देकर अंग्रेज चले गए और आज विपक्ष के लोग अपने गठबंधन को इंडिया नाम देकर भारत की जनता को भ्रमित करना चाहते है। जिला कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश प्रवक्ता डॉ बाजपेयी का जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टण्डन ने आत्मीय स्वागत किया।
मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज भाजपा सरकार ही बनाएगी- संजय सत्येंद्र पाठक’
पत्रकारवार्ता में मौजूद विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज की मांग के प्रति भारतीय जनता पार्टी गंभीर है और हम यह वादा करते हैं कि मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही कटनी को लाकर देगी। इसके लिए ऊपर स्तर पर ठोस योजना बनाई जा रही है। किसी भी दिन इस बात का ऐलान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज को लेकर सबसे बड़ा सर्वे तो कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हुआ है जहां जनता ने भाजपा सरकार की योजनाओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए अपना समर्थन व्यक्त किया ह।

More Stories
नपाध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा ने सौंपे हितग्राहियों को संबल अनुग्रह सहायता राशि के स्वीकृति पत्र
दक्षिण पन्ना वन विभाग का ग्राम विकास में अभिनव प्रयास : सौर ऊर्जा से रोशन हुए 10 गाँव
आष्टा जूनियर त्रिकोणीय सीरीज लेदर बॉल क्रिकेट का हुआ समापन