जल कर पर चक्रवृद्धि ब्याज बना विवाद का मुद्दा, समाजसेवी इंद्रा मिश्रा ने कहा— “नगर निगम वसूल रहा गुंडा टैक्स”
कटनी।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा जल कर पर चक्रवृद्धि ब्याज लगाए जाने को लेकर शहर में विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर समाजसेवी इंद्रा मिश्रा ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आम नागरिकों से नियमों के विपरीत चक्रवृद्धि ब्याज वसूला जा रहा है, जो सीधे तौर पर “गुंडा टैक्स” जैसा है।
इंद्रा मिश्रा ने इस संबंध में जनसुनवाई में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए इसकी प्रतिलिपि महापौर और नगर निगम आयुक्त को भी सौंपी है। उन्होंने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है, ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
समाजसेवी का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है और मनमाने तरीके से आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि जल कर में लगाए जा रहे चक्रवृद्धि ब्याज को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
शहर में इस मुद्दे को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या जनता को इसी तरह अतिरिक्त बोझ सहना पड़ेगा? वहीं, स्थानीय राजनीति भी इस मामले पर खामोश नजर आ रही है। न तो सत्तापक्ष के जनप्रतिनिधि खुलकर सामने आ रहे हैं और न ही विपक्ष की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है और क्या कटनी की जनता को इस कथित “गुंडा टैक्स” से राहत मिल पाएगी या नहीं।

More Stories
आजाद चौक में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
कटनी में जमे पुलिस कर्मियों पर उठे सवाल: वर्षों से एक ही थाना-चौकी में डटे आरक्षक,और प्रधान आरक्षक जनता ने उठाई तबादले की मांग
कटनी में वर्षों से जमे पुलिसकर्मियों पर सवाल! अवैध कमाई और प्रभाव के आरोप, जांच व तबादले की उठी मांग