इश्तियाक चौधरी की रिपोर्ट
जम्मू, 3 जुलाई। भूतपूर्व सैनिक विकास समिति का राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल देव आनंद लोहमारोर के नेतृत्व में जम्मू, कश्मीर एवं कारगिल का 12 दिवसीय जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के दौरान समिति की ओर से सेवा के दौरान किसी भी कारण से दिवंगत होने वाले सैनिकों की वीर नारियों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान करने संबंधी कानून बनाने की मांग को सेना, भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, नागरिक समाज एवं मीडिया का व्यापक समर्थन मिला।

प्रतिनिधिमंडल में जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राजेंद्र कुमार शर्मा (कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र एवं सेना मेडल अलंकृत), प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन अब्दुल कय्यूम, प्रदेश महासचिव कैप्टन अब्दुल गफूर, प्रदेश सचिव बशीर अहमद, प्रदेश महामंत्री हवलदार जहांगीर तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रामबन, डोडा, किश्तवाड़, बारामूला, उड़ी, कुपवाड़ा, साधना पास, कारगिल, अखनूर सहित अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों का दौरा कर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं भूतपूर्व सैनिकों के साथ बैठकें कीं तथा विभिन्न स्थानों पर ज्ञापन सौंपे।
समिति ने जम्मू-कश्मीर सरकार से आग्रह किया कि वह राजस्थान सरकार द्वारा वर्ष 2023 में लागू किए गए कानून की तर्ज पर ऐसा कानून लागू करे, जिसके अंतर्गत सेवा के दौरान किसी भी कारण से दिवंगत होने वाले प्रत्येक सैनिक की वीर नारी को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। समिति का कहना है कि इससे वीर नारियों को आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सम्मान तथा उनके परिवारों को सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित होगा।
सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने समिति की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा कानून केवल जम्मू-कश्मीर ही नहीं, बल्कि पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए, जिससे सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान हो तथा सेवारत सैनिकों का मनोबल और अधिक सुदृढ़ हो।
दौरे के दौरान बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों ने समिति की मांग का समर्थन किया। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न स्थानों पर ज्ञापन सौंपकर राजस्थान मॉडल को जम्मू-कश्मीर में शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई।
इस अवसर पर 17 जैक एलआई के सेवानिवृत्त हवलदार सुरेश शर्मा की पुत्री एवं आर्मी पब्लिक स्कूल, अखनूर की छात्रा कुमारी अक्षरा शर्मा को ओडिशा में आयोजित राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर सम्मानित किया गया।
दौरे के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल देव आनंद लोहमारोर ने कहा कि “राजस्थान ने वीर नारियों के सम्मान और सुरक्षा का एक अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत किया है। हमें विश्वास है कि जम्मू-कश्मीर सहित देश के अन्य राज्य और केंद्र सरकार भी शीघ्र ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेकर सैनिक परिवारों को न्याय दिलाएंगे।”
उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिक विकास समिति का राष्ट्रव्यापी अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सेवा के दौरान दिवंगत होने वाले प्रत्येक सैनिक की वीर नारी को अनुकंपा के आधार पर सरकारी रोजगार का अधिकार सुनिश्चित नहीं हो जाता।

More Stories
बरसाना में श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न
भोजशाला विवाद: सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सही पालन कराने की मांग को लेकर नगर बंद, सकल हिंदू समाज ने सौंपा ज्ञापन*
ईद मिलाद उन नबी के पावन अवसर बोहरा समाज द्वारा चल समारोह निकाला गया*