कटनी जंक्शन पर चला रेलवे का “किलाबंदी अभियान”: बिना टिकट यात्रियों और अवैध वेंडरों पर बड़ी कार्रवाई
रक्सौल–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों की हुई सघन जांच, एक पुलिसकर्मी भी अनियमित टिकट के मामले में टीसी ऑफिस पहुंचाया गया
कटनी। पश्चिम मध्य रेल जबलपुर मंडल के निर्देश पर शुक्रवार को कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन में उस समय हड़कंप मच गया, जब टिकट चेकिंग स्टाफ ने स्टेशन परिसर में चारों ओर से घेराबंदी कर विशेष “किलाबंदी अभियान” चलाया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा करने वालों और स्टेशन परिसर में सक्रिय अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना था।
जानकारी के अनुसार सीनियर डीसीएम, जबलपुर मंडल के निर्देशन में शुक्रवार को मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर एक साथ विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। इसी क्रम में दोपहर के समय कटनी जंक्शन पर टिकट जांच टीम ने प्लेटफॉर्म और निकास द्वारों पर मोर्चा संभाल लिया।
इस दौरान गाड़ी संख्या 05558 रक्सौल–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से कटनी जंक्शन पहुंचे यात्रियों की सघन टिकट जांच की गई। जांच के दौरान कई यात्री बिना टिकट तथा अनियमित टिकट लेकर यात्रा करते पाए गए, जिनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध वेंडरों पर भी शिकंजा
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में सक्रिय करीब आधा दर्जन अवैध वेंडरों को भी पकड़ा गया। रेलवे सुरक्षा और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिसकर्मी भी जांच के दायरे में
सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान एक पुलिसकर्मी भी अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पाया गया, जिसे पूछताछ और कार्रवाई के लिए टीसी ऑफिस ले जाया गया। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यात्रियों में मचा हड़कंप
अचानक शुरू हुई इस व्यापक जांच कार्रवाई से स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री टिकट जांच से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन घेराबंदी के कारण अधिकांश यात्रियों की जांच की गई।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा और अवैध वेंडिंग के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

More Stories
कटनी मंडी की सख्त कार्रवाई: 345 क्विंटल गुड़ के अवैध परिवहन पर ₹1.11 लाख की भारी वसूली
कटनी में स्कूल परिसर बना अखाड़ा: निलंबन आदेश मिलते ही शिक्षक ने महिला शिक्षिका से की मारपीट, पुलिस ने लिया हिरासत में
कटनी में विचाराधीन हत्या मामले पर मीडिया ट्रायल रोकने के निर्देश, विशेष न्यायाधीश ने कलेक्टर और एसपी को लिखा पत्र