पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ने पर बवाल, भाजपा ने सोनिया गांधी से कहा- दिग्विजय सिंह की मानसिकता गुंडों वाली

मध्य प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान भोपाल जिला पंचायत भवन के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा पुलिसकर्मी को पकड़ने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ रहा है। भाजपा द्वारा इस मामले को लेकर दिग्विजय सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, साथ ही उन्हें लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भी लिख दिया है। आलम ये है कि, सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग समेत भाजपा के कई नेता दिग्विजय पर जुबानी हमला कर चुके हैं।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह को गुंडा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि, इस लोकतंत्र की पूरी प्रक्रिया को कांग्रेस शर्मसार करने में जुटी है। भोपाल के गुंडों के इकट्ठा कर चुनाव को रोकने का प्रयास हो रहा है। दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जिला पंचायत के चुनाव रोकने के लिए गुंडागर्दी की गई। सैकड़ों की भीड़ जमा कर कानून को हाथ में लेकर काम किया गया। गुंडों वाली मानसिकता दिग्विजय सिंह की है।
वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भी दिग्विजय पर जवाबी हमला करते हुए कहा कि, ऐसा अशोभनीय व्यवहार किसी पूर्व मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता है। पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ रहे हैं, कलेक्ट्रेट के गेट को धक्का देकर तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। लोकतंत्र में जय और पराजय चलती रहती है, लेकिन ऐसी बौखलाहट कि आप पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ें, यह अधिकार आपको किसने दिया?
More Stories
नपाध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा ने सौंपे हितग्राहियों को संबल अनुग्रह सहायता राशि के स्वीकृति पत्र
दक्षिण पन्ना वन विभाग का ग्राम विकास में अभिनव प्रयास : सौर ऊर्जा से रोशन हुए 10 गाँव
आष्टा जूनियर त्रिकोणीय सीरीज लेदर बॉल क्रिकेट का हुआ समापन