Chief Editor

Dharmendra Singh

Office address -: hanuman colony gole ka mandir gwalior (m.p.) Production office-:D304, 3rd floor sector 10 noida Delhi Mobile number-: 9806239561, 9425909162

February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728  
February 4, 2026

सच दिखाने की हिम्मत

नशामुक्त समाज बनाने के लिए सामाजिक जनजागरूकता जरूरी- स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी
नशामुक्ति अभियान के तहत पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

ब्यूरो चीफ नरेन्द्र राय

एंकर रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित नशामुक्ति अभियान के तहत पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा कन्या पूजन और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा सामाजिक बुराई है और इससे मुक्ति के लिए सामाजिक जनजागरूकता बहुत जरूरी है। नशामुक्त समाज बनाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि नशा करने से व्यक्ति का सामाजिक और आर्थिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। सामाजिक प्रतिष्ठा तो धूमिल होती ही है, साथ ही आर्थिक नुकसान होता है। नशा करने के बाद व्यक्ति का स्वयं पर नियंत्रण नहीं रहता तथा कई बार अपराध घटित कर देता है। नशा अनेक दुर्घटनाओं का कारण भी बनता है। घर-परिवार व लोगों के साथ लड़ाई-झगड़ा करते हैं। घर का परिवेश भी खराब होता है। बच्चे पढ़ाई भी नहीं कर पाते जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। इसलिए जरूरी है कि सभी लोग संकल्प लें और यह निर्धारित करें कि ना तो स्वयं नशा करेंगे और ना हीं अपने परिवार में किसी को करने देंगे। जो लोग नशा कर रहे हैं, उन्हें भी नशा छोड़ने के लिए जागरूक और प्रेरित करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यो के साथ-साथ इस सामाजिक बुराई को दूर करने के लिए भी काम किया जा रहा है। आज प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा हैं प्रदेश की विकास दर देश में सबसे ज्यादा है। हम सभी को जिले और देश-प्रदेश के विकास में अपना योगदान देना है। उन्होंने कहा कि जिले में नशामुक्ति अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। नशामुक्ति अभियान में उत्कृष्ट करने वाले व्यक्तियों को आज सम्मानित किया गया है। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता जमना सेन ने कहा कि सभी को नशे से दूर रहना चाहिए। सभी को एक अच्छा नागरिक बनकर समाज के विकास के लिए काम करना है। उन्होंने बच्चों से कहा कि जो नशा करता है, उसका भविष्य अंधकारमय होता है। सभी नशे से दूर रहें। अपना लक्ष्य निर्धारित करें कि बड़े होकर क्या बनना है और उसको पूरा करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें।
कलेक्टर अरविंद दुबे ने कहा कि नशामुक्ति के लिए जिले में अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। नशे का अवैध कारोबार करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जा रही है। आबकारी अमले द्वारा लगभग 632 से अधिक प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों पर कार्यवाही की गई है तथा वाहन भी जप्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में खेल विभाग, शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। कलेक्टर दुबे ने उपस्थित लोगों से कहा कि यदि उन्हें नशीले पदार्थो के विक्रय की जानकारी प्राप्त होती है तो तुरंत पुलिस या सरकारी अमले को सूचित करें, जिससे कि दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की जा सके।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा ने कहा कि नशे को लेकर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए शासन के निर्देशानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले में नशाविरोधी अभियान के तहत एक जनवरी 2022 से लेकर अभी तक 1275 से अधिक मामलों में अवैध शराब का निर्माण, विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। लगभग 31 लाख रू की अवैध शराब जप्त की गई तथा 1350 से अधिक लोगों के विरूद्ध कार्रवाई की है। उन्होंने उपस्थित लोगों और बच्चों से कहा कि नशा अपराधों का कारण भी बनता है। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक मनोज बाथम द्वारा नशामुक्ति के लिए चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा नशामुक्ति अभियान के तहत स्कूल, कॉलेजों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी ने नशा नहीं करने तथा अन्य लोगों को भी नशा त्यागने हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति पर आधारित नाटक का मंचन किया गया तथा नशामुक्ति पर आधारित पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में गैरतगंज नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, जमना सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।