
लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार व संबंधित इंजीनियर के विरूद्ध होगी कार्रवाई
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार ने की नल-जल योजना की समीक्षा
ग्वालियर 26 जुलाई 2024/ ग्वालियर जिले में संचालित नल-जल योजना के क्रियान्वयन में अच्छा कार्य करने वाले ठेकेदार एवं इंजीनियरों को प्रति सोमवार आयोजित होने वाली अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। इसके साथ ही जिन ठेकेदारों द्वारा निर्धारित समय-सीमा और पूर्ण गुणवत्ता एवं समय-सीमा में कार्य नहीं किया है, उनके विरूद्ध पैनल्टी एवं कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार ने शुक्रवार को जिला पंचायत के सभागार में नल-जल योजना की विस्तार से समीक्षा की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने समीक्ष के दौरान कहा कि नल-जल योजना भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है। योजना के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में घर-घर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाना है। जिला पंचायत कार्यालय द्वारा इसके लिये समयबद्ध कार्यक्रम भी तय किया गया है। उन्होंने संबंधित इंजीनियरों से कहा है कि वे अपने-अपने ठेकेदारों से योजना के तहत स्वीकृत कार्य समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। जिन अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा अच्छा कार्य किया गया है उनके नाम भी जिला पंचायत कार्यालय को भेजे जाएं ताकि उन्हें प्रशस्ति पत्र दिलाया जा सके। इसके साथ ही जिन ठेकेदारों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में कार्य नहीं किया गया है उनके विरूद्ध कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भी प्रस्तुत करें।
बैठक में एसडीएम ग्रामीण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुरार कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, मुरार जनपद के ग्राम पंचायतों के सरपंच व सचिव के साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के इंजीनियर एवं ठेकेदार भी उपस्थित थे।

More Stories
*वन मंडल की बड़ी कार्रवाई खेर की लकड़ी के अवैध भंडार पर बड़ी कार्रवाई*
रीवा: सिंचाई परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, उपमुख्यमंत्री ने की समीक्षा
रीवा से बड़ी खबर — केंद्रीय जेल में जेल प्रहरी की फांसी से मौत, मचा हड़कंप