Chief Editor

Dharmendra Singh

Office address -: hanuman colony gole ka mandir gwalior (m.p.) Production office-:D304, 3rd floor sector 10 noida Delhi Mobile number-: 9806239561, 9425909162

May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
May 5, 2026

सच दिखाने की हिम्मत

ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत ग्राम पिलौजी में भव्य ग्राम उत्सव आयोजित
कटनी
मध्य प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत दिनांक 27 जनवरी 2026 को मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक 3 कन्हवारा अंतर्गत ग्राम पिलौजी में भव्य ग्राम उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केसवाल के निर्देशन एवं ब्लॉक समन्वयक श्री बालमुकुंद मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें ग्रामवासियों की उत्साहपूर्ण एवं सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के परामर्शदाता  रामानुज पांडे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन की जनहितैषी योजनाओं, लोककल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुँचाना है।
उन्होंने ग्रामवासियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखने का आह्वान करते हुए ग्राम को शत-प्रतिशत स्वच्छ, नशामुक्त, विवादमुक्त बनाने, जल एवं पर्यावरण संरक्षण तथा स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में ग्राम की हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
तृतीय चरण में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के लिए कुर्सी दौड़ एवं 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं एवं युवा वर्ग ने खेल भावना के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से संपूर्ण वातावरण उल्लास एवं उमंग से भर उठा।

समापन अवसर पर कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात स्वदेशी जागरूकता शपथ दिलाई गई। साथ ही ग्राम के सामाजिक, शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यों में निरंतर योगदान देने वाले विशिष्ट ग्रामवासियों को नवांकुर संस्था सेक्टर क्रमांक तीन कन्हवारा – बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे ग्रामवासियों एवं युवा वर्ग में हर्ष एवं गौरव का वातावरण बना।
इस सफल आयोजन की तैयारी हेतु ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पिलौजी के अध्यक्ष श्री रामलाल भूमिया, सचिव श्री राजाराम पटेल एवं ग्राम पंचायत सरपंच  शिवकुमार पांडे द्वारा विशेष कार्ययोजना तैयार कर निरंतर नेतृत्व एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री रामानुज पांडे द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी श्री गणपत कोल ने किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से ग्राम पंचायत सरपंच श्री शिवकुमार पांडे, मतवार पड़रिया के सरपंच श्री अनुपम कुमार, स्थानीय हाई स्कूल के प्राचार्य श्री जे.पी. कारपेंटर, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। जिनमें प्रमुख रूप से श्री मनोज अवस्थी, रमैय्या भूमिया, राजीव कुमार, प्रिंस, श्रीनिवास पटेल, अर्जुन नायक सहित अनेक ग्रामवासी शामिल थे। सभी उपस्थितजनों ने इस आयोजन को ग्राम को सामाजिक रूप से सशक्त एवं जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया