सरकारी कार्यक्रम की आड़ में फर्जीवाड़ा! ग्राम पंचायत चोरी में निजी वाहन का पंचायत मद से भुगतान, सचिव-सरपंच पर गंभीर आरोप
विजयराघवगढ़ (कटनी)।
जिले के अंतर्गत जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत चोरी में एक गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है, जिसने पंचायत व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार हाल ही में बड़वारा जनपद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों से वाहन भेजे गए। इसी क्रम में ग्राम पंचायत चोरी के सचिव एवं सरपंच द्वारा एक निजी वाहन को पंचायत का बताकर सरकारी कार्यक्रम में भेजा गया और उसका भुगतान पंचायत मद से कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि वाहन क्रमांक MP 21 ZF 1833 (वैगनआर कार) को ग्राम पंचायत की ओर से बुक दिखाया गया, जबकि यह वाहन पूरी तरह निजी है। चौंकाने वाली बात यह है कि वैगनआर कार की क्षमता ड्राइवर सहित केवल 5 लोगों की है, लेकिन खर्च का बिल 8 व्यक्तियों का दर्शाया गया।
रिकॉर्ड के अनुसार वाहन का ₹3500 का परिवहन बिल और नाश्ते के नाम पर 8 नग का ₹1440 का बिल पंचायत मद से लगाया गया है। यह पूरा भुगतान नियमों के विपरीत बताया जा रहा है।
मामले की जानकारी पहले संबंधित इंजीनियर को दी गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के सीईओ को भी इस गंभीर मामले से अवगत कराया गया, किंतु अब तक उनकी तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हालांकि इस अनियमितता को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। इससे पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर संदेह और गहरा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो यह भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण देने जैसा होगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब और क्या कदम उठाता है।

More Stories
कटनी पुलिस द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निराकरण
उत्कृष्ट पुलिसिंग कार्य के लिए 05 पुलिसकर्मी प्रशस्ति पत्र व नगद पुरस्कार से सम्मानित
भागवत कथा आयोजन में अव्यवस्थाओं का बोलबाला, VIP पास के नाम पर अवैध वसूली का आरोप