सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा की पूर्व संध्या पर महापौर ने लिया व्यवस्थाओं का जायज़ा
कथा पंडाल पहुँचकर नगर निगम की तैयारियों का किया निरीक्षण
कटनी | 30 जनवरी
श्री रंगनाथ नगर में 31 जनवरी से प्रारंभ होने वाली सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व शुक्रवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने पार्षद साथियों के साथ कथा पंडाल पहुँचकर नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समस्त व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इस सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में देश के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित श्री इंद्रेश जी उपाध्याय द्वारा अमृतमयी कथा वाचन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कथा आयोजन की अवधि में नियमित सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, पहुँच मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुचारु यातायात संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही हांका गैंग को पूर्ण मुस्तैदी से तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि “नगर निगम की पूरी टीम श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तत्पर है। आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में जुटा है।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नगर में सकारात्मक वातावरण निर्मित होता है और समाज में आपसी सद्भाव व संस्कारों को बल मिलता है। महापौर ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि महापौर द्वारा पूर्व में भी कथा स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। आज पुनः स्थल पर पहुँचकर उन्होंने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए व्यवस्थाओं की स्थिति का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्यगण सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेन्द्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद श्रीमती सीमा श्रीवास्तव, श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव, श्रीमती सुनीता कमलेश चौधरी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

More Stories
कटनी पुलिस द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निराकरण
उत्कृष्ट पुलिसिंग कार्य के लिए 05 पुलिसकर्मी प्रशस्ति पत्र व नगद पुरस्कार से सम्मानित
भागवत कथा आयोजन में अव्यवस्थाओं का बोलबाला, VIP पास के नाम पर अवैध वसूली का आरोप