कटनी रेलवे स्टेशन पर नकली पानी और बासी खाने का धंधा जारी, यात्रियों की सेहत से खिलवाड़
कटनी।
कटनी रेलवे स्टेशन पर नकली पानी और अवैध खाद्य सामग्री की बिक्री का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ट्रेनों में खुलेआम नकली पानी बेचे जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है।
ताजा मामला पुणे से दरभंगा जाने वाली पुणे–दरभंगा एक्सप्रेस का है, जहां मुखबिर की सूचना पर रेलवे अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए पांच पेटी अवैध पानी जब्त किया। यह वही पानी था जिसे रेलवे में बेचने की अनुमति नहीं है, फिर भी ठेकेदारों और वेंडरों द्वारा इसे धड़ल्ले से यात्रियों को बेचा जा रहा था।
केवल पानी ही नहीं, बल्कि ट्रेनों में अवैध खाद्य सामग्री का कारोबार भी जोरों पर है। आरोप है कि बासी भजिया, समोसे और अन्य खाद्य पदार्थों को एक दिन बाद दोबारा गर्म कर यात्रियों को परोसा जा रहा है। इतना ही नहीं, पेंट्रीकार में कम कीमत पर घटिया सामग्री देकर गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है।
कटनी जंक्शन से लेकर कटनी मुड़वारा और कटनी साउथ तक यह अवैध नेटवर्क सक्रिय बताया जा रहा है। बिना किसी अनुमति के बाहरी खाद्य सामग्री भी ट्रेनों में बेची जा रही है, जिससे यात्रियों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे खेल में कुछ रेलवे कर्मचारियों और रेलवे पुलिस की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। वहीं, जिम्मेदार विभागों और आईआरसीटीसी अधिकारियों की उदासीनता भी सवालों के घेरे में है।
लगातार हो रही कार्रवाइयों के बावजूद अगर यह धंधा जारी है, तो यह साफ संकेत है कि सिस्टम में कहीं न कहीं बड़ी चूक या मिलीभगत मौजूद है। फिलहाल यात्री भगवान भरोसे सफर करने को मजबूर हैं, जबकि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़ जारी है।

More Stories
कटनी आर पी एफ (RPF)पुलिस नें रेलवे केबल चोरी का बड़ा खुलासा: 4 आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार, 1 फरार, रिसीवर भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
खेत में छिपा था शराब का जखीरा, पुलिस की दबिश में बड़ा खुलासा — दो आरोपी फरार
ऑपरेशन शिकंजा: कैमोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 72 हजार की अवैध देशी शराब जब्त — एक गिरफ्तार, सप्लायर फरार