बोरवेल खनन के नाम पर फर्जी पत्रकारों की उगाही, 15–30 हजार की वसूली—पुलिस तक पहुंचीं शिकायतें
स्लीमनाबाद, बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा के साथ साथ कटनी शहर में ही सक्रिय गिरोह, पुलिस की जांच तेज—कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में
कटनी |
जिले में बढ़ते जलसंकट को देखते हुए प्रशासन द्वारा बिना अनुमति बोरवेल (नलकूप) खनन पर रोक लगाई गई है। स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी व्यक्ति को खनन कार्य शुरू करने से पहले प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य है। लेकिन इस आपदा के बीच कुछ फर्जी मीडियाकर्मी और गिरोह अवसर तलाशकर अवैध वसूली में जुट गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, स्लीमनाबाद, बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा के साथ साथ कटनी शहर के क्षेत्रों में सक्रिय यह गिरोह उन स्थानों पर पहुंच जाता है, जहां बोरवेल खनन का कार्य चल रहा होता है। गिरोह के सदस्य खुद को पत्रकार बताकर मशीन संचालकों और किसानों से 15 से 30 हजार रुपए तक की मांग करते हैं। रकम नहीं देने पर फोटो और वीडियो बनाकर पुलिस कार्रवाई की धमकी दी जाती है।
इतना ही नहीं, कई मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों को भी वीडियो भेजकर दबाव बनाने की कोशिश की जाती है। इस तरह की कई शिकायतें पुलिस प्रशासन तक पहुंच चुकी हैं, जिसके बाद पुलिस ने फर्जी मीडियाकर्मियों की पहचान कर उनकी कुंडली तैयार करना शुरू कर दिया है।
पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल
इस पूरे मामले में कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। आरोप है कि फर्जी पत्रकारों से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचती है और वहीं लेन-देन कर मामला सुलझा लिया जाता है। कई बार मामला थाने तक पहुंचने से पहले ही “सेटल” कर दिया जाता है।
कार्रवाई: बिना अनुमति बोरिंग पर दो वाहन जब्त
ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने ग्राम इटोली में कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति बोरवेल खनन कर रहे दो वाहनों को जब्त किया।
वाहन चालक मणि के.के. और रघुनाथ तिवारी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस, 3(5) बीएनएस और पेयजल संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 6, 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शहर में भी सक्रिय उगाही गिरोह
कटनी शहर में भी कुछ कथित पत्रकार बोरवेल मशीन मालिकों को धमकाकर 10 हजार रुपए तक की मांग कर रहे हैं। रुपए नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती है।
पुलिस का दावा
पुलिस का कहना है कि ऐसे फर्जी मीडियाकर्मियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध वसूली में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

More Stories
कटनी स्टेशन पर छापेमारी: स्टालों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली, अवैध वेंडरों पर भी उठे सवाल
भागवत सुनने गई नाबालिग का अपहरण, फिरौती कॉल के बाद हाईवे पर छोड़ा; पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया सकुशल बरामद
कटनी में नकली बीड़ी-तेल माफिया पर बड़ी कार्रवाई, लेकिन हल्की धाराओं से उठे सवाल छापेमारी में करोड़ों का नकली माल जब्त, मास्टरमाइंड खुले में—सख्त कार्रवाई की मांग तेज