ग्वालियर। अचलनाथ कॉलोनी में आयोजित होने वाले गीता ज्ञान यज्ञ के तृतीय चरण की तैयारियों को लेकर रविवार, 31 मई 2026 को अचलेश्वर महादेव मंदिर, अचलनाथ कॉलोनी, ग्वालियर में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं एवं कॉलोनी प्रतिनिधियों को दायित्व सौंपे गए।




बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ता अरुण कुमार शर्मा एवं विनोद पस्तोर ने कॉलोनी के पदाधिकारियों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं तथा गीता स्वाध्याय मंडल के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श कर आयोजन की सफलता हेतु आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गीता ज्ञान यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नैतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जागरण का एक सशक्त माध्यम है। अतः सभी कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण एवं उत्साह के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गीता ज्ञान यज्ञ का तृतीय चरण 9 जून से 13 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रतिदिन सायंकाल 4:30 बजे से 7:30 बजे तक गीता स्वाध्याय एवं प्रवचन का कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर भगवद्गीता के शाश्वत संदेशों का विस्तृत विवेचन कर जीवन में धर्म, कर्तव्य, भक्ति एवं कर्मयोग के महत्व को प्रतिपादित किया जाएगा।
आयोजन के अंतर्गत कमला एकादशी के पावन अवसर पर 11 जून को अखण्ड गीता पाठ एवं हवन का विशेष कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सहभागी होने की अपेक्षा है। कार्यक्रम का समापन 13 जून को सायंकाल होगा।
गीता ज्ञान यज्ञ में गीता मनीषी एवं विश्वगीताप्रतिष्ठानम् के केन्द्रीय महामन्त्री डॉ. विष्णु नारायण तिवारी कथा व्यास के रूप में उपस्थित रहकर भगवद्गीता के दिव्य संदेशों का व्याख्यान करेंगे। उनके प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को गीता के व्यावहारिक एवं आध्यात्मिक पक्षों का ज्ञान प्राप्त होगा।
बैठक में प्रचार-प्रसार, मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, स्वागत, जलपान, अखण्ड गीता पाठ, हवन, ध्वनि व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गईं। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन अचलनाथ कॉलोनी, मॉडल टाउन सिटी, एम.के. सिटी तथा समस्त गीता संस्कृत स्वाध्याय मंडल, ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
भवदीय
अभिषेक द्विवेदी
जिला संयोजक, विश्वगीताप्रतिष्ठानम्, ग्वालियर।

More Stories
आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले का 5 हजारी ईनामी आरोपी दिल्ली से व मृतक की आरोपी पत्नी आष्टा से गिरफ्तार।
किसान जन चौपाल कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित, किसानों की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण
सौ दिनों की दरार: वायु शक्ति, असममित युद्ध और पश्चिम एशिया की सुरक्षा संरचना का पुनर्निर्माण…