स्टेट ब्यूरो हेड प्रियंका माली की रिपोर्ट
जयपुर। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (VKI) रोड नंबर 17 स्थित पुरानी पानी टंकी से होने वाली पेयजल आपूर्ति को लेकर स्थानीय कॉलोनीवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि पानी सप्लाई करने वाले कर्मचारियों की मनमानी के कारण नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी निर्धारित समय पर नहीं दिया जाता और सप्लाई पूरी तरह कर्मचारियों की इच्छा पर निर्भर रहती है। कभी सुबह तो कभी देर रात पानी छोड़ा जाता है, जबकि कई बार एक-दो दिन तक पानी की सप्लाई नहीं होने से लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। मजबूरी में कई परिवारों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जयपुर के कई इलाकों में भी जल संकट और अनियमित आपूर्ति की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल मामले की जांच कर नियमित एवं समयबद्ध जलापूर्ति सुनिश्चित करे। साथ ही जिम्मेदार कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

More Stories
सिनेमाई कक्षा: स्कूलों को बच्चों को ‘देखना’ क्यों सिखाना चाहिए..
महाराणा प्रताप आज भी राष्ट्रभक्ति के सर्वोच्च प्रेरणास्रोत : कर्नल देव आनंद लोहमारोड़…
गलवान के छह वर्ष: ऐतिहासिक संघर्ष जिसने भारत-चीन सीमा गतिशीलता को नया आकार दिया