ब्यूरो चीफ संतोष प्रजापति
पवित्र नगरी मुलताई में नगर पालिका चुनाव के परिणाम आने के बाद अब नगर पालिका अध्यक्ष पद पर आसीन होने के लिए राजनैतिक समीकरण बनने लगे हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद जो तस्वीर सामने आई है, उसके आधार पर 15 वार्डों में से 9 में भाजपा उम्मीदवारों और 6 में कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इस स्थिति में यह तो तय हो गया है कि नगर सरकार भाजपा की ही बनेगी।
पालिका अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित होने के चलते महिला पार्षद का अध्यक्ष बनना तय है। लेकिन, अध्यक्ष का ताज भाजपा की किस महिला पार्षद के भाग्य में जाएगा, यह भविष्य के गर्भ में है। चुनाव परिणाम के बाद निर्मित हुई परिस्थितियों में भाजपा की दो महिला पार्षदों की दावेदारी सामने आ रही है। जिसमें सशक्त दावेदार के रूप में भगतसिंह वार्ड से प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को सर्वाधिक मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज करने वाली नवनिर्वाचित पार्षद वर्षा गढ़ेकर का नाम सामने आ रहा है।
बीते कुछ वर्षों से भाजपा नेत्री वर्षा गढ़ेकर भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की करीबी रिश्तेदार होने से भाजपा का जिला नेतृत्व भी अध्यक्ष पद के लिए वर्षा गढ़ेकर के नाम पर मोहर लगा सकता है। वहीं दूसरे दावेदार के रूप में गुरुसाहब वार्ड से निर्वाचित भाजपा पार्षद नीतू प्रह्लादसिंह परमार का नाम चर्चा में आया है।
नीतूसिंह परमार सामान्य वर्ग से आती हैं। अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला के लिए घोषित होने से नीतूसिंह परमार अपनी प्रबल दावेदारी जता रही हैं। नीतूसिंह परमार के समर्थक भाजपा के अन्य चार पार्षदों का भी समर्थन मिलने का दावा कर रहे हैं। नीतूसिंह परमार भाजपा नेता प्रह्लाद सिंह परमार की धर्मपत्नी हैं। नीतूसिंह को अध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा नेताओं के एक गुट के प्रयासरत होने की खबर भी आ रही है।
हालांकि अभी अध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि घोषित नहीं हुई है। इन परिस्थितियों में केवल चर्चाओं का दौर जारी है। अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की तिथि घोषित होने के बाद ही यह खुलासा होंगा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन नपा अध्यक्ष पद के लिए किस महिला पार्षद के नाम पर मोहर लगाता है।


More Stories
ग्वालियर-चंबल की पावन धरा, सांतऊ स्थित राजराजेश्वरी शक्तिपीठ शीतला माता मंदिर के पवित्र प्रांगण में भक्ति की अमृत वर्षा होने जा रही है
पोंडी चोंडी गांव में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी
ग्वालियर चम्बल क्षेत्र की पावन भूमि सांतऊ शीतला माता मंदिर, में सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है