ब्यूरो चीफ संतोष प्रजापति
ग्रामवासियों की जायज मांगों की भी अनदेखी करना वैसे तो जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए आम बात है. लेकिन, इस अनदेखी का करारा और अनूठे अंदाज में जवाब कर्नाटक (Karnataka) के एक ग्राम के लोगों ने दिया है. ग्रामीणों ने जो कदम उठाया है, उसे देखकर अब शायद ही कोई उनकी उपेक्षा करने का साहस कर पाए.
दरअसल, ग्रामीण बीते 40 सालों से बस शेल्टर (यात्री प्रतीक्षालय) बनाने की मांग कर रहे थे. इसके बावजूद यहां 40 साल से न तो अधिकारियों ने और न ही विधायकों ने बस शेल्टर बनवाया. इससे नाराज होकर गांव वालों ने पैसा जुटाकर खुद ही बस शेल्टर बना लिया.
इसके बाद जब बात आई इसके उद्घाटन की तो इस मौके पर नेताओं या अधिकारी को बुलाने के बजाए ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि के तौर पर भैंस को आमंत्रित किया. उद्घाटन भी उसी से कराया. इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. ग्रामीणों के इस तरह के विरोध-प्रदर्शन से सत्तारूढ़ भाजपा पर विपक्ष को हमला करने का मौका मिल गया है.
मामला राज्य के गडग जिले के लक्ष्मेश्वर तालुक के बालेहोसुर गांव का है. यहां लोग पिछले 40 साल से बस शेल्टर बनवाने की मांग कर रहे थे. कंस्ट्रक्शन नहीं होने की वजह से बस शेल्टर को डंपिंग यार्ड में बदल दिया गया. तेज धूप और तेज बारिश में यात्रियों को इसी जगह के पास बसों का इंतजार करना पड़ता था.
किसान नेता लोकेश जलावदगी ने बताया कि बस शेल्टर बनाने के लिए एक ज्ञापन सौंपा गया था. हमने बीजेपी विधायक रामप्पा लमानी और सांसद शिवकुमार उदासी से कई बार अनुरोध भी किया था. विरुपाक्ष इटागी कहते हैं, ”गांव की आबादी 5,000 है और हर रोज सैकड़ों छात्र गांव से आसपास के शहरों तक सफर करते हैं.” मांग पर कार्रवाई न होते देख ग्रामीणों ने सरकार की उदासीनता के खिलाफ एक अनोखे तरीके से विरोध करने का फैसला किया.
गांव वालों ने नारियल की शाखाओं से शेल्टर की छत का निर्माण किया और एक भैंस को मुख्य अतिथि बनाया. बस शेल्टर के उद्घाटन में भैंस को सजा-धजा कर लाया गया और फिर रिबन काटा गया. सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद अधिकारियों और विधायकों ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही बस शेल्टर बनाएंगे.


More Stories
चोरो ने शटर के ताले तोड़कर घटना को दिया अंजाम गल्लों में रखे पैसे चुराए*
कतारबद्ध मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए उत्साह और जिम्मेदारी के साथ मतदान केंद्र पर उपस्थित…
जेके सीमेंट पन्ना द्वारा पुलिस विभाग को 5 नई बोलेरो एवं 4 लैपटॉप भेंट — आईटीआई परिसर में गरिमामय एवं ऐतिहासिक आयोजन