पं संदीप शर्मा रिपोर्टर

• विजयराघवगढ़ क्षेत्र में केंद्र स्थापित करने संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को लिखा पत्र
समय पर गरीबों को राशन उपलब्ध कराने कलेक्टर के प्रयास
कटनी। गरीब परिवारों को शासन द्वारा दिए जाने वाला खाद्यान्न समय पर मिल सके इसके लिए कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा जिले में एक अतिरिक्त प्रदाय केंद्र विजयराघवगढ़ विकासखंड में स्थापित किए जाने का प्रस्ताव संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल को भेजा है। इस प्रस्ताव के स्वीकृत हो जाने से जिले के विजयराघवगढ़, बरही और बड़वारा क्षेत्र के हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण में होने वाले विलंब की समस्या से निजात मिल सकेगा।
जिले में हैं दो प्रदाय केंद्र
उल्लेखनीय है कि कटनी जिले में वर्तमान में मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड के दो प्रदाय केंद्र संचालित हो रहे हैं। जिनमें से एक कटनी और दूसरा स्लीमनाबाद में क्रियाशील है। चूंकि इन केंद्रों से विजयराघवगढ़, बरही और बड़वारा क्षेत्र की उचित मूल्य की दुकानों की दूरी अधिक होने के कारण खाद्यान्न परिवहन में प्रायः समय लगता है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव खाद्यान्न वितरण में पड़ता है और गरीब परिवारों को समय पर खाद्यान्न नहीं मिल पाता।
बंजारी में नवीन केंद्र स्थापित करने प्रस्ताव
यह भी उल्लेखनीय है कि कटनी जिले में कुल 471 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से करीब 222891 हितग्राहियों को मासिक औसत 4882 मैट्रिक टन खाद्यान्न वितरित किया जाता है। जिनमें गेंहू 2750 मैट्रिक टन, चांवल 1856 मैट्रिक टन, नमक 264 मे. टन और शक्कर 12 मे. टन शामिल है। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जिले में खाद्यान्न परिवहन को सुगम और समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिले में एक नवीन प्रदाय केंद्र बंजारी विजयराघवगढ़ में स्थापित किए जाने का प्रस्ताव संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल को प्रेषित किया है।

More Stories
*श्री राम मारुति महायज्ञ प्रारंभ धर्म ध्वजा लिए कलश यात्रा निकाली*
बसंत यादव बने कटनी जायंट्स के नए कप्तान, शिवराज गोस्वामी को मिली सचिव की जिम्मेदारी
कटनी में दलित बेटी की शादी में पुलिस कार्रवाई का आरोप, मंडप से दूल्हा-दुल्हन को थाने ले जाने पर उठा विवाद